योगी आदित्यनाथ पर टूटा दुखों का पहाड़, मां सावित्री देवी ने 90 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 90 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के पंचूर गांव में निधन। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक।

उत्तराखंड। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार से शुक्रवार को दुखद खबर सामने आई। उनकी मां सावित्री देवी का 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार सुबह 11 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी।

सावित्री देवी के निधन की खबर से पंचूर गांव में शोक छा गया। उत्तराखंड से लेकर उत्तर प्रदेश तक राजनीतिक और सामाजिक जगत में भी शोक की लहर है। परिवार के सदस्यों ने उनके निधन की पुष्टि की है।

सावित्री देवी अपने दो बेटों के साथ पंचूर स्थित पैतृक आवास में रहती थीं। उम्र संबंधी परेशानियों के चलते उन्हें अक्सर स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें रहती थीं। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत अधिक खराब चल रही थी। निधन की सूचना मिलते ही उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दूसरे राज्यों से राजनीतिक व अन्य क्षेत्रों की हस्तियों के पंचूर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। स्वजनों के अनुसार, सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार के खड़खड़ी में किया जा सकता है।

पांच साल बाद गांव पहुंचे थे योगी, मां के छुए थे पैर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपने पैतृक गांव पंचूर से खास जुड़ाव रहा है। मई 2022 में वे करीब पांच साल बाद गांव पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मां सावित्री देवी से मुलाकात कर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। परिवार के अन्य सदस्यों से भी मिले थे। इससे पहले 14 मई 2024 को तबीयत बिगड़ने पर सावित्री देवी को ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। उन्हें जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था। मां के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी एम्स ऋषिकेश पहुंचे थे और उनका हालचाल जाना था।

सीएम धामी ने जताया दुख, बोले- मां का जाना अपूरणीय क्षति

सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।

धामी ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

चार बेटे और तीन बेटियों की मां थीं सावित्री देवी

सावित्री देवी के परिवार में कुल सात बच्चे हैं। इनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित चार बेटे और तीन बेटियां हैं। वह अपने दो बेटों के साथ पैतृक गांव में रह रही थीं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का भी 20 अप्रैल 2020 को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उन्होंने दिल्ली स्थित एम्स में अंतिम सांस ली थी। मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण उनका निधन हुआ था।

उस समय देश में कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन लागू था। प्रदेश में कोरोना संकट और मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए योगी आदित्यनाथ ने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाने की बात कही थी।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

पीएफ खाते में अटकी रकम कैसे निकलेगी? EPFO के इस फैसले ने बदला निकासी का गणित | खाताधारकों को बड़ी राहत

छोटी सजा मिली तो 7 साल तक प्रमोशन से बाहर? राजस्थान हाईकोर्ट ने सरकार की इस व्यवस्था पर दिया बड़ा फैसला

नौकरी बदलते ही कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती? PF और पेंशन के हजारों रुपये फंस सकते हैं, जानिए UAN से जुड़ा पूरा खेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *