सीबीआई ने कटनी के न्यू कटनी जंक्शन पर तैनात रेलवे सीनियर सेक्शन इंजीनियर अजयवीर सिंह को 30 मजदूरों को काम से नहीं हटाने के बदले 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
कटनी। रेलवे में नौकरी और कामकाज से जुड़े मामलों में रिश्वतखोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 30 मजदूरों को काम से नहीं हटाने की एवज में रेलवे के एक सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने ऐसी रकम मांगी कि मामला सीधे सीबीआई तक पहुंच गया। शिकायत मिलने के बाद एजेंसी ने जाल बिछाया और आरोपी इंजीनियर को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।
मामला वेस्ट सेंट्रल रेलवे के न्यू कटनी जंक्शन का है, जहां तैनात सीनियर सेक्शन इंजीनियर अजयवीर सिंह को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता से 30 मजदूरों को काम पर बनाए रखने के बदले प्रति मजदूर 1,500 रुपये की मांग की थी। इस हिसाब से कुल रिश्वत की रकम 45 हजार रुपये तय हुई थी।
एक शिकायत और सीबीआई ने बिछा दिया जाल
सीबीआई ने इस मामले में केस दर्ज किया था। इसके बाद एजेंसी ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई की रणनीति बनाई। कटनी में जाल बिछाया गया और जैसे ही आरोपी सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये की रिश्वत मांगी और रकम ली, सीबीआई की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
घर और दफ्तर तक पहुंची जांच
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने मामले से जुड़े अहम दस्तावेज और अन्य सबूत जुटाने के लिए आरोपी के आवास और कार्यालय की तलाशी भी ली। शुक्रवार को ही आरोपी को गिरफ्तार कर जबलपुर की संबंधित अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सीबीआई अब मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
