राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मिनी बस खाई में पलट गई। हादसे में चालक समेत 8 लोगों की मौत हुई, कई यात्री घायल हुए।
कोटा। मध्य प्रदेश के बैतूल से राजस्थान में देवदर्शन के लिए निकले लोगों का सफर शनिवार सुबह दर्दनाक हादसे में बदल गया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कोटा के सिमलिया क्षेत्र में एक मिनी बस अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट गहरी खाई में जा पलटी। हादसे में बस चालक समेत 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।
बस में सवार लोग उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने के बाद खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसा कुराडिया एक्सचेंज के पास हुआ। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश नंबर की यात्रियों से भरी मिनी बस अचानक अनियंत्रित हुई और एक्सप्रेस-वे से नीचे उतरकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सीटों के बीच फंसे यात्री, ग्रामीणों ने तोड़े कांच
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस के आगे बैठे यात्रियों को सबसे ज्यादा चोटें आईं। कई लोग सीटों के बीच फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने बस के कांच तोड़े। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बस के डैशबोर्ड का कांच टूट गया और एक शव बाहर आ गया। दुर्घटना में मिनी बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
झपकी या सड़क की खामी, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण बस से नियंत्रण छूटा होगा। हालांकि, वाहन के सामने अचानक कोई आवारा जानवर आने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है। इसके अलावा एक्सप्रेस-वे पर एलाइनमेंट की गड़बड़ी और जगह-जगह जंप होने को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस के अनुसार, बस में सवार सभी यात्री आपस में रिश्तेदार थे। कोटा के एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि घायल लोग चार दिन के राजस्थान दौरे पर आए थे।
मृतकों और घायलों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों में अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी और राजू के नाम बताए गए हैं। बस चालक की भी मौत हो गई है। पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने कुल आठ मौतों की पुष्टि की है।
घायलों में वंदिता पुत्री रविंद्र झरबड़े, अजय गावंडे पुत्र मरोतराव गावंडे, वेदांत झरबड़े पुत्र योगेश झरबड़े, मोहनिस झरबड़े पुत्र रविंद्र झरबड़े, आकांक्षी झरबड़े पुत्री कमलेश झरबड़े, हेमलता गायकवाड़ पत्नी संतोष गायकवाड़ और सारांश पुत्र कमलेश झरबड़े के नाम सामने आए हैं।
पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। देवदर्शन के लिए निकले परिवारों के इस सफर का दर्दनाक अंत पूरे घटनाक्रम को झकझोर देने वाला बना हुआ है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
