स्कूल से लौटा 5 साल का बेटा, दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को बुलाया; फ्लैट में मिले मैनेजर दंपती के शव

धौलपुर की गुरुद्वारा कॉलोनी में इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर बलराम मीणा और उनकी पत्नी सरोज मीणा के शव फ्लैट में मिले। पुलिस ने एफएसएल जांच शुरू की है।

धौलपुर: शहर की गुरुद्वारा कॉलोनी में सोमवार को एक फ्लैट का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला तो लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। स्कूल से लौटे करीब पांच साल के आरुष ने जब माता-पिता को आवाज दी और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। पड़ोसियों के दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। दरवाजा खुला तो अंदर इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर बलराम मीणा और उनकी पत्नी सरोज मीणा के शव मिले। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मामला निहालगंज थाना क्षेत्र का है। प्रारंभिक जानकारी में पुलिस दंपती की मौत को आत्महत्या से जोड़कर देख रही है, हालांकि इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

एक बाइक, चार दोस्त और मौत का खौफनाक मंजर! ट्रक ने कुचला, 2 की मौके पर मौत; घायलों के कटे पैर ट्रक में लटके मिले

करौली के नादौती के रहने वाले थे दंपती

पुलिस के अनुसार बलराम मीणा पुत्र रामगोपाल मीणा, करौली जिले के नादौती के रहने वाले थे। वह वर्ष 2024 से पत्नी सरोज मीणा के साथ गुरुद्वारा कॉलोनी स्थित फ्लैट में रह रहे थे और एक इंश्योरेंस कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। उनका करीब पांच वर्षीय बेटा आरुष भी उनके साथ रहता था।

सोमवार को आरुष स्कूल गया था। स्कूल से लौटने के बाद उसने फ्लैट का दरवाजा खुलवाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक इंतजार करने के बाद उसने आसपास के लोगों को बताया। कॉलोनी के लोगों ने भी दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। इसके बाद लोगों ने दरवाजा खोला तो दंपती के शव अंदर मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

व्हाट्सऐप और फेसबुक पर लगाया था ‘अंतिम जोहार’ स्टेटस

पुलिस के मुताबिक, बलराम मीणा ने घटना से करीब एक घंटे पहले व्हाट्सऐप और फेसबुक पर ‘अंतिम जोहार’ का स्टेटस लगाया था। इसके अलावा मौके से उनकी एक डायरी भी मिली है, जिसमें मौत से पहले लिखा हुआ एक नोट होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने नोट में लिखी पूरी सामग्री सार्वजनिक नहीं की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसमें बलराम ने अपने माता-पिता को संबोधित करते हुए जीवन से थकने की बात लिखी थी। नोट में उन्होंने दो भाइयों और कुछ दोस्तों का भी जिक्र किया है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और निहालगंज थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फ्लैट और आसपास के घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य और नमूने जुटाए।

एएसपी वैभव शर्मा ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। दंपती ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका स्पष्ट कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया स्टेटस, डायरी में मिले नोट और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों को आधार बनाकर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

NPS में पैसा लगाने वालों के लिए बड़ा बदलाव, रिटायरमेंट फंड के साथ अब मिलेगा हेल्थ कवर, 1 अक्टूबर को हो सकता है ऐलान

66 प्रशिक्षु RAS अधिकारियों की फील्ड ट्रेनिंग तय, 28 सितंबर से संभालेंगे जिलों की कमान; इन जिलों में मिली तैनाती | देखें पूरी लिस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *