रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय में एनएसएस अभिविन्यास कार्यक्रम के तीसरे दिन महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा, लैंगिक समानता और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
भरतपुर। रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के त्रिदिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम के तीसरे दिन छात्राओं को सेवा भावना के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और महिलाओं के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना एवं महिला अध्ययन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उर्मिला मीणा ने की। कार्यक्रम वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. मधु शर्मा एवं अकादमिक प्रभारी डॉ. निशा गोयल के सान्निध्य में आयोजित हुआ।
प्राचार्य डॉ. उर्मिला मीणा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में एनएसएस के ध्येय वाक्य ‘मैं नहीं, पहले आप’ को केंद्र में रखते हुए छात्राओं को सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह अभिविन्यास कार्यक्रम छात्राओं के लिए सेवा, संवेदना, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व की एक नई यात्रा का शुभारंभ है।
महिला सुरक्षा से उद्यमिता तक योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता श्रीमती पूजा वसुमति, जेंडर स्पेशलिस्ट, सामाजिक अधिकारिता विभाग ने छात्राओं को महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं के लिए संचालित सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया और छात्राओं को इनके उद्देश्य तथा उपयोग की जानकारी दी।
उन्होंने वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं को उपलब्ध कराए जाने वाले परामर्श एवं सहायता के बारे में बताया। इसके साथ ही महिला सुरक्षा संस्थान, पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना, प्री-वेडिंग काउंसलिंग के महत्व, प्रधानमंत्री महिला उद्यम प्रोत्साहन योजना तथा शिक्षा सेतु योजना की जानकारी भी छात्राओं के साथ साझा की।
श्रीमती पूजा वसुमति ने बताया कि शिक्षा सेतु योजना के माध्यम से बालिकाओं एवं महिलाओं के ड्रॉप आउट को कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने छात्राओं को महिलाओं की सुरक्षा, समान अवसर और आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
युवा नेतृत्व संवाद में भाग लेने का आह्वान
कार्यक्रम में एनएसएस प्रभारी योगेंद्र सिंह ने छात्राओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग प्रतियोगिता में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने प्रतियोगिता में भागीदारी को लेकर छात्राओं को आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी निशांत सिंह चौहान ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में संकाय सदस्य डॉ. रेखा देवी शर्मा, डॉ. कविता आचार्य, डॉ. अलका गोयल, डॉ. लक्ष्मी गुप्ता, विनय खंडेलवाल, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुश्री प्रीती मौर्य, हरीश स्वर्णकार एवं डॉ. पूजा राठी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
