ATM में कैश भरने वाले ही निकले ‘कैश के खिलाड़ी’! | 83 लाख गायब, घोटाला 1 करोड़ के पार जाने की आशंका

झुंझुनूं में CMS कंपनी के दो कर्मचारियों पर एटीएम में जमा होने वाले कैश में बड़ी हेराफेरी का आरोप लगा है। शुरुआती जांच में 83 लाख रुपये गायब मिले हैं, जबकि घोटाला एक करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका है।

झुंझुनूं। जिन कर्मचारियों पर बैंकों के एटीएम तक करोड़ों रुपये सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी थी, उन्हीं पर अब करोड़ों की हेराफेरी का आरोप लगा है। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एटीएम में कैश भरने वाली कंपनी CMS से जुड़ा बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। कंपनी के दो कर्मचारी कैश वैन में एटीएम की चाबियां छोड़कर अचानक गायब हो गए। इसके बाद जब एटीएम की गिनती शुरू हुई तो लाखों रुपये का कैश गायब मिला और पूरा मामला सामने आ गया।

प्रारंभिक जांच में ही 83 लाख रुपये से अधिक की नकदी कम पाई गई है। हालांकि कंपनी का कहना है कि सभी एटीएम का ऑडिट पूरा होने के बाद गबन की रकम एक करोड़ रुपये से भी अधिक हो सकती है। इस खुलासे के बाद न केवल सीएमएस कंपनी, बल्कि उससे जुड़े कई बैंकों में भी हड़कंप मच गया है।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मौत की आग | ट्रेलर में घुसी बस, 8 यात्रियों को जिंदा निगल गईं लपटें

कैश वैन में चाबियां छोड़कर हुए फरार

जानकारी के अनुसार, सीएमएस कंपनी झुंझुनूं, पिलानी और चिड़ावा क्षेत्र के विभिन्न बैंकों के एटीएम में नकदी भरने का काम करती है। कंपनी के कर्मचारी सुमेर सिंह और संदीप सिंह पिछले करीब एक साल से यह जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

शनिवार को दोनों कर्मचारी अचानक लापता हो गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वे कैश वैन में सभी एटीएम की चाबियां छोड़कर गायब हो गए। इससे कंपनी अधिकारियों को संदेह हुआ और उन्होंने तत्काल उनकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।

वकीलों के बैंक खाते यूं ही फ्रीज नहीं कर सकती पुलिस! | इलाहाबाद हाईकोर्ट बोला- मुवक्किल की फीस ‘अपराध की कमाई’ नहीं

17 एटीएम की जांच में खुला खेल

दोनों कर्मचारियों के गायब होने के बाद कंपनी ने उनके जिम्मे मौजूद एटीएम की आंतरिक जांच शुरू कराई। देर रात तक पिलानी और चिड़ावा क्षेत्र की 17 एटीएम मशीनों का ऑडिट पूरा किया गया, जिसमें 83 लाख रुपये से अधिक की नकदी गायब मिली।

सबसे बड़ा झटका तब लगा जब पिलानी की एक एटीएम साइट पर लगी दो मशीनों से ही करीब 38 लाख रुपये का कैश कम पाया गया। इससे आशंका और गहरा गई कि बाकी मशीनों की जांच पूरी होने पर गबन की रकम और बढ़ सकती है।

अभी 28 मशीनों की पूरी तस्वीर आनी बाकी

कंपनी के अनुसार, दोनों कर्मचारियों के जिम्मे कुल 28 एटीएम मशीनें थीं। पिलानी क्षेत्र की ऑडिट पूरी हो चुकी है, चिड़ावा क्षेत्र की जांच जारी है, जबकि झुंझुनूं शहर की तीन एटीएम मशीनों की ऑडिट अभी बाकी है। इसी वजह से अंतिम नुकसान का आंकड़ा फिलहाल तय नहीं हो सका है।

पुलिस ने मांगी अंतिम ऑडिट रिपोर्ट

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएस कंपनी के सीकर शाखा प्रबंधक गौरव सिंह सोलंकी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। साथ ही पिलानी थाने में दोनों कर्मचारियों सुमेर सिंह और संदीप सिंह के खिलाफ लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

पुलिस ने कंपनी से सभी एटीएम की अंतिम ऑडिट रिपोर्ट और गबन की कुल राशि का विवरण मांगा है। रिपोर्ट मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार कर्मचारियों की तलाश के साथ-साथ पूरे वित्तीय घोटाले की जांच में जुटी है।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

अब टोल प्लाजा पर नहीं लगेगा ब्रेक! | राजस्थान में एक और हाईवे पर शुरू हुई ‘बिना रुके टोल’ व्यवस्था

एक झटके में 100 इंस्पेक्टर इधर से उधर | राजस्थान पुलिस में तबादलों की बड़ी लिस्ट, यहां देखें पूरी लिस्ट

अब FCRA और OCI दोनों होंगे पूरी तरह डिजिटल | अमित शाह ने लॉन्च किए दो बड़े पोर्टल, कागजी झंझट खत्म, रियल टाइम निगरानी शुरू

अब पढ़ाई नहीं होगी बेकार | बीच में छूटी शिक्षा भी आएगी काम, सरकार ने बताया कैसे बदल रहा है छात्रों का पूरा रिकॉर्ड सिस्टम

अब छोटे क्लीनिक भी होंगे ‘स्मार्ट’ | ₹299 महीने में मिलेगा डिजिटल हॉस्पिटल सिस्टम, पर्ची से बिलिंग तक सब कुछ ऑनलाइन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *