उदयपुर में एमपीयूएटी और 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी के संयुक्त प्रशिक्षण शिविर में आयोजित प्रेरक सेमिनार में भुवनेश चौबीसा ने कैडेटों को संघर्ष, अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग का संदेश दिया।
उदयपुर। उदयपुर में चल रहे एनसीसी प्रशिक्षण शिविर के बीच कैडेटों को सिर्फ परेड और अनुशासन ही नहीं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने का भी महत्वपूर्ण संदेश मिला। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) और 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में युवा वक्ता एवं प्रेरक प्रशिक्षक भुवनेश चौबीसा ने कैडेटों को सफलता, संघर्ष और डिजिटल युग की जिम्मेदारियों पर प्रेरक विचारों से रूबरू कराया।
राजस्थान में खुला तबादलों का ‘दरवाजा’ | 5 जुलाई तक होंगे ट्रांसफर, लेकिन इन कर्मचारियों पर अब भी रोक
सीटीएई परिसर में आयोजित प्री वायु सैनिक कैंप-1, ड्रोन प्रशिक्षण शिविर और संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) के दौरान आयोजित इस विशेष सेमिनार में भुवनेश चौबीसा ने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। संघर्ष, अनुशासन और लगातार सीखने की इच्छा ही व्यक्ति को उसकी मंजिल तक पहुंचाती है। उन्होंने युवाओं से चुनौतियों से भागने के बजाय उन्हें अवसर में बदलने का आह्वान किया।
उन्होंने कैडेटों से कहा कि सकारात्मक सोच, स्पष्ट लक्ष्य और आत्मविश्वास किसी भी सफलता की सबसे मजबूत नींव होते हैं। यदि युवा इन तीन बातों को जीवन का हिस्सा बना लें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहेगा।
SBI में 1500 प्रोबेशनरी ऑफिसर पदों पर भर्ती: 8 जुलाई तक करें आवेदन, 21.97 लाख तक मिलेगा सालाना पैकेज
सेमिनार में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर भी विस्तार से चर्चा हुई। भुवनेश चौबीसा ने कहा कि सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि ज्ञान, नवाचार और संवाद का प्रभावी मंच भी है। जरूरत इस बात की है कि युवा इसका उपयोग जिम्मेदारी, विवेक और सकारात्मक सोच के साथ करें। उन्होंने कैडेटों को सोशल मीडिया का इस्तेमाल सीखने, नए कौशल विकसित करने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने के लिए करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान कैडेटों ने भी पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की और वक्ता से करियर, समय प्रबंधन, आत्मविश्वास तथा डिजिटल जागरूकता से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। संवादात्मक शैली में आयोजित इस सत्र ने कैडेटों को आत्मविकास और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित किया।
इस अवसर पर 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर नटराज डागुर, शिविर के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट मौजूद रहे।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
