योग को बोरिंग समझते हैं? जरा रुकिए… | जानवरों की तरह पोज बनाइए, फोटो खींचिए और फिटनेस का मजा लीजिए

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) से पहले आयुष मंत्रालय (Ayush Ministry) ने योग को मजेदार बनाने की पहल की है। एनिमल पोज, योग क्रिएटिविटी चैलेंज और ग्रुप योगा के जरिए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में अब कुछ ही दिन बाकी हैं और इस बीच आयुष मंत्रालय लोगों को योग से जोड़ने के लिए एक नया और दिलचस्प मंत्र दे रहा है—योग को सिर्फ स्वास्थ्य नहीं, बल्कि मनोरंजन का भी हिस्सा बनाइए।

मंत्रालय का कहना है कि योग केवल गंभीर आसनों और कठिन मुद्राओं तक सीमित नहीं है। इसे मजेदार बनाने के लिए बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी लोग ‘एनिमल पोज’ यानी जानवरों की मुद्राओं वाले योगासन अपना सकते हैं। इन आसनों से शरीर लचीला बनता है और योग सीखने का अनुभव भी रोमांचक हो जाता है।

आयुष मंत्रालय ने सुझाव दिया है कि स्कूलों और कार्यालयों में काम या पढ़ाई के बीच छोटे-छोटे योगा ब्रेक लिए जाएं। इससे थकान कम होती है, मन तरोताजा रहता है और एकाग्रता बढ़ती है। परिवार और दोस्तों के साथ ग्रुप योगा करने से यह गतिविधि और भी आनंददायक बन सकती है।

योग को रचनात्मक बनाने के लिए मंत्रालय ने ‘योग क्रिएटिविटी चैलेंज’ भी शुरू किया है। इसमें लोग अपने सबसे अनोखे और क्रिएटिव योग पोज तैयार कर सकते हैं तथा उनकी फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर सकते हैं। इसका उद्देश्य लोगों को योग के नए आयामों से जोड़ना और अधिक से अधिक लोगों को इस दिशा में प्रेरित करना है।

विशेषज्ञों का मानना है कि जब किसी गतिविधि में आनंद जुड़ जाता है तो उसे लंबे समय तक अपनाना आसान हो जाता है। यही वजह है कि युवाओं को अभी से नियमित योग, हल्की शारीरिक गतिविधियों और सकारात्मक जीवनशैली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी जा रही है, ताकि स्वस्थ और सक्रिय बुढ़ापे की मजबूत नींव रखी जा सके।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि योग केवल आसनों का अभ्यास नहीं है। इसमें श्वास तकनीक, ध्यान और शरीर के प्रति जागरूकता भी शामिल है। अच्छी बात यह है कि योग के लिए किसी विशेष स्थान की आवश्यकता नहीं होती। घर, पार्क, स्कूल, ऑफिस या क्लासरूम—कहीं भी कुछ मिनट निकालकर योग किया जा सकता है।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *