भरतपुर में राजस्थान लैंड पूलिंग योजना के खिलाफ किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। 20 मई को लटूरिया हनुमान मंदिर पर महापंचायत होगी, जिसमें पूर्व सांसद पंडित रामकिशन सहित कई किसान नेता शामिल होंगे।
‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।
भरतपुर
राजस्थान लैण्ड पूलिंग योजना विरोधी किसान मोर्चा ने बीडीए की कथित किसान विरोधी लैंड पुलिंग योजना के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है। मोर्चा का दावा है कि जैसे-जैसे किसानों को राजस्थान लैण्ड पुलिंग योजना की खामियों की जानकारी मिल रही है, वैसे-वैसे आंदोलन को समर्थन भी बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में 20 मई बुधवार शाम 3 बजे लटूरिया हनुमान मंदिर पर किसानों की बड़ी महापंचायत आयोजित की जाएगी।
महापंचायत में पूर्व सांसद पंडित रामकिशन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे, जबकि अध्यक्षता लरिया हनुमान मंदिर के महंत मणीदास जी महाराज करेंगे।
मोर्चा के अनुसार महापंचायत में जिला व्यापार महासंघ के जिलाध्यक्ष सजींब गुप्ता, किसान सभा के नत्थी लाल कामरेड, किसान नेता यदुनाथ दारापुरिया, इन्दल सिंह जाट, मोहन सिंह गुर्जर, श्रीराम चन्देल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष इन्द्रजीत भारद्वाज और शिवराम कपरौला सहित कई गांवों के सरपंच, पूर्व सरपंच और पंचायत समिति सदस्य भाग लेंगे। सभा में शतायु समाजवादी नेता एवं पूर्व सांसद पंडित रामकिशन का स्वागत और अभिनंदन भी किया जाएगा।
‘किसानों को भूमिहीन बनाने की तैयारी’
मंगलवार शाम नगला तेहरिया में आयोजित किसान पंचायत में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि बीडीए गैर कानूनी तरीके से लैंड पुलिंग योजना लागू कर किसानों का आर्थिक और मानसिक शोषण करना चाहता है।
किसान सभा के नेता नत्थी लाल ने कहा कि बीडीए अधिकारी नियम-कानूनों के विरुद्ध किसानों की जमीन को लैंड पुलिंग योजना में शामिल कर उन्हें भूमिहीन किसान की स्थिति में पहुंचाने पर तुले हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज एक गांव में जो हो रहा है, कल वही दूसरे गांवों में भी लागू किया जाएगा। इसलिए जिले के सभी किसानों को एकजुट होकर अपने हक और अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगी।
कई गांवों के किसानों ने किया समर्थन
किसान सभा के उपाध्यक्ष रम्मो सिंह हवलदार, नगला तेहरिया के किसान दिनेश सिंह, लक्ष्मण बाबूजी, विजय सिंह, उदय सिंह और भगवान सिंह समेत कई किसानों ने पंचायत को संबोधित किया और योजना के विरोध में आंदोलन तेज करने का आह्वान किया।
पंचायत में मलाह, सैह का नगला, नगला तेहरिया, झीलरा, खडैरा, रामनगर, रामपुरा और कुम्हा गांवों के किसानों ने भाग लिया। वक्ताओं ने प्रभावित किसानों और भूखंडधारियों से 20 मई को बड़ी संख्या में महापंचायत में पहुंचने की अपील की।
‘तन-मन-धन से आंदोलन का समर्थन’
नगला तेहरिया के पूर्व सरपंच सोहन सिंह ने गांव की ओर से आंदोलन को तन-मन-धन से समर्थन देने की घोषणा की। कार्यक्रम के अंत में लैंड पुलिंग स्कीम विरोधी किसान मोर्चा भरतपुर राजस्थान के अध्यक्ष सरपंच दौलत सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।
