झालावाड़ (Jhalawar) में ACB ने ग्राम विकास अधिकारी रजनी मीणा को विवाह प्रमाण पत्र के नाम पर 10,400 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
झालावाड़
शादी के बाद मिलने वाला प्रमाण पत्र… और उसी पर ‘रेट’ तय! मामला सामने आया तो कार्रवाई भी उतनी ही तेज हुई। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने खानपुर पंचायत समिति क्षेत्र में ग्राम विकास अधिकारी (VDO) रजनी मीणा को 10,400 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
यह पूरा खेल सामूहिक विवाह सम्मेलन के बाद शुरू हुआ। महूमहल खींची दरबार सेवा समिति द्वारा 16 फरवरी 2026 को धानोदा खुर्द पंचायत (मऊ बोरदा) में 28 जोड़ों का सर्वजातीय विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी नवविवाहित जोड़ों के विवाह प्रमाण पत्र बनवाना जरूरी था। यहीं से कहानी ने मोड़ लिया।
परिवादी जब प्रमाण पत्र बनवाने के लिए ग्राम विकास अधिकारी रजनी मीणा के पास पहुंचा, तो उसने प्रति प्रमाण पत्र 500 रुपये के हिसाब से कुल 13,500 रुपये की मांग कर दी। बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी जब काम नहीं हुआ, तो मामला ACB तक पहुंचा।
10 अप्रैल को शिकायत मिलने के बाद ACB ने गोपनीय सत्यापन कराया। इस दौरान आरोपी ने 28 में से 26 जोड़ों के प्रमाण पत्र के लिए प्रति जोड़ा 400 रुपये लेने पर सहमति जताई। यानी सौदा तय हुआ—10,400 रुपये। बुधवार को जैसे ही परिवादी तय रकम लेकर कार्यालय पहुंचा, ACB की टीम ने जाल बिछाकर रजनी मीणा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। ट्रैप के बाद ACB टीम आरोपी के खानपुर स्थित किराए के मकान की तलाशी में जुट गई, वहीं कोटा के बिंदायका गांव स्थित उसके घर पर भी सर्च की तैयारी की जा रही है।
ACB ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई भी अधिकारी वैध काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो तुरंत टोल-फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप के जरिए सूचना दें। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि ACB आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
रेलवे कर्मचारी 10 रुपये के शक में बर्खास्त, 24 साल भुगता दर्द! | हाईकोर्ट बोला—सबूत नहीं, फैसला गलत
‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।
