शराबी पति ने पत्नी का चेहरा तेजाब से जलाया | भरतपुर में घरेलू विवाद बना हैवानियत, आरोपी फरार

भरतपुर (Bharatpur) के मथुरा गेट क्षेत्र में शराबी पति ने घरेलू विवाद के बाद पत्नी पर तेजाब फेंक दिया। महिला का चेहरा गंभीर रूप से झुलस गया, आरोपी फरार है और पुलिस तलाश में जुटी है।

भरतपुर 

मथुरा गेट थाना क्षेत्र में बुधवार (18 फरवरी) की रात रिश्तों को झकझोर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई। शराब के नशे में धुत पति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी ही पत्नी पर तेजाब फेंक दिया, जिससे महिला का चेहरा बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में उसे आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है, जबकि आरोपी वारदात के बाद से फरार है।

आधी रात कुल्हाड़ी से कत्लेआम: पिता ने पत्नी और दो मासूमों को मौत के घाट उतारा | गांव में पसरा सन्नाटा, आरोपी गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 10 बजे की है। परिजनों ने बताया कि आरोपी लंबे समय से शराब का आदी है और कोई काम नहीं करता था। पत्नी उसे रोजगार करने के लिए कहती थी, इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि आरोपी पहले भी कई बार पत्नी के साथ मारपीट कर चुका था।

बाजार से तेजाब लाकर किया हमला

घटना वाली रात भी आरोपी नशे में घर पहुंचा और पत्नी से कहासुनी के बाद मारपीट की। इसके बाद वह कुछ देर के लिए घर से बाहर चला गया और बाजार से तेजाब खरीदकर वापस लौटा। लौटते ही उसने दोबारा झगड़ा शुरू किया और पत्नी को मायके जाने के लिए कहा। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब सीधे चेहरे पर गिरने से महिला करीब 50 प्रतिशत तक झुलस गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने घायल महिला को तुरंत आरबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।

मामले में मथुरा गेट थाने के एएसआई अनिल कुमार ने बताया कि रचना नाम की महिला अपनी देवरानी के साथ थाने पहुंची थी और उसका चेहरा गंभीर रूप से जला हुआ था। प्राथमिकता के आधार पर उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। फिलहाल पीड़िता के बयान दर्ज होने के बाद ही रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और एक बार फिर घरेलू हिंसा की भयावह सच्चाई को सामने ला दिया है।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।