जालोर (Jalore) के भीनमाल (Bhinmal) क्षेत्र के दासपां गांव में पिता ने कुल्हाड़ी से पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
भीनमाल (जालोर)
भीनमाल इलाके के दासपां गांव में बुधवार आधी रात एक ऐसा खौफनाक हत्याकांड सामने आया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। जिस घर में परिवार चैन की नींद सो रहा था, वहीं एक पिता ने हैवान बनकर अपनी ही पत्नी और दो मासूम बच्चों पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सुबह होते-होते घर के भीतर पसरा सन्नाटा और खून से सना मंजर देखकर ग्रामीणों की रूह कांप उठी।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मंगलाराम पुरोहित के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ दासपां गांव में रहता था। वारदात की रात घर में उसकी पत्नी और दो बच्चे ही मौजूद थे, जबकि अन्य दो बच्चे रिश्तेदारों के यहां गए हुए थे। इसी दौरान देर रात उसने सो रहे परिवार पर अचानक कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने इतनी बेरहमी से वार किए कि पत्नी और दोनों बच्चों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मौके पर ही तीनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान दाड़मी देवी, 10 वर्षीय निकी और 8 वर्षीय हितेश के रूप में हुई है।
सुबह जब पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर को सील कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस ने आरोपी मंगलाराम पुरोहित को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन इस तिहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
इस घटना के बाद दासपां गांव में मातम पसरा है और हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर एक पिता इतना निर्दयी कैसे बन गया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
