रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय (RD Girls College) भरतपुर में एनएसएस शिविर के तहत स्वस्थ भारत–समृद्ध भारत कार्यक्रम आयोजित, योग और नशा-मुक्ति पर छात्राओं को दिया गया जागरूकता संदेश।
भरतपुर
रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय का परिसर सोमवार को सिर्फ पढ़ाई का केंद्र नहीं रहा, बल्कि स्वस्थ भारत–समृद्ध भारत की सोच का जीवंत मंच बन गया। एनएसएस के तृतीय एक दिवसीय शिविर के तहत आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को स्वास्थ्य, योग, नशा-मुक्ति और स्वदेशी जीवनशैली के महत्व से रू-बरू कराया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मधु शर्मा ने की, जबकि आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संयोजक एवं आरोग्य मित्र योजना के क्षेत्र संयोजक संजीवन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना और एनएसएस गीत के साथ हुई।
मुख्य वक्ता संजीवन ने स्वस्थ भारत–समृद्ध भारत विषय पर बोलते हुए कहा कि देशभक्ति केवल नारों से नहीं, बल्कि दिनचर्या सुधारने और स्वदेशी जीवनशैली अपनाने से शुरू होती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वस्थ व्यक्ति से स्वस्थ परिवार, स्वस्थ परिवार से स्वस्थ समाज और अंततः स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण होता है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. दिनेश उपाध्याय ने योग को भारत की प्राचीन और वैज्ञानिक जीवन पद्धति बताते हुए छात्राओं से इसे नियमित जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर नहीं, सोच को भी सकारात्मक बनाता है।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में नशा मुक्ति केंद्र योजना के अंतर्गत वीरेन्द्र पाल टांक ने नशे की लत और उसके सामाजिक, आर्थिक व मानसिक दुष्प्रभावों पर प्रभावी व्याख्यान दिया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और सजग जीवन अपनाने की अपील की।
इसके बाद सांस्कृतिक एवं साहित्यिक समिति के निर्देशन में छात्रा इतिष्का और उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत सामूहिक लोक नृत्य और एकल नृत्य ने माहौल में ऊर्जा भर दी। प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर डॉ. दिनेश उपाध्याय ने छात्राओं को 1100 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया।
प्राचार्य डॉ. मधु शर्मा ने कहा कि आरोग्य भारती भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दे रही है।
अकादमिक प्रभारी डॉ. निशा गोयल ने विरुद्ध आहार के उदाहरण देते हुए बताया कि गलत भोजन संयोजन धीरे-धीरे शरीर में रोगों की जड़ बनता है।
एनएसएस प्रभारी योगेन्द्र सिंह ने सभी अतिथियों और वक्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती साधना शर्मा ने किया।
इस अवसर पर डॉ. सुनील गुप्ता, डॉ. अंजु पाठक, डॉ. अलका गोयल, डॉ. सरोज, डॉ. दीप्ति अग्रवाल, डॉ. नटवर सिंह सहित अनेक संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
ओला-उबर की मनमानी पर ब्रेक | ‘भारत टैक्सी’ की एंट्री, ड्राइवर मालिक, यात्री बेफिक्र
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
