नूंह (Nuh) में सामाजिक सदभाव पदयात्रा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद पं. रामकिशन (Pandit Ram kishan) ने बढ़ती नफरत और आर्थिक गैरबराबरी पर चिंता जताई, कहा—सदभाव ही देश को बचाएगा।
नूंह
देश में बढ़ती नफरत और गहराती आर्थिक गैरबराबरी पर कड़ा प्रहार करते हुए भरतपुर के पूर्व सांसद पंडित रामकिशन ने कहा कि आज सामाजिक सदभाव बनाना कोई विकल्प नहीं, बल्कि समय की सबसे बड़ी पुकार है। वे हरियाणा के नूंह जिला मुख्यालय पर आयोजित सामाजिक सदभाव पदयात्रा को संबोधित कर रहे थे।
यह पदयात्रा देश के जाने-माने किसान हितैषी सर छोटूराम के पड़पोते, पूर्व सांसद व पूर्व आईएएस बिजेन्द्र सिंह द्वारा सम्पूर्ण हरियाणा में आपसी भाईचारा मज़बूत करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। उनके आमंत्रण पर पं. रामकिशन के साथ किसान नेता इन्दल सिंह जाट, जिला पार्षद मोहन सिंह गुर्जर (अलवर), किसान नेता विरेन्द्र सिंह मोर और प्रमुख पत्रकार संजय शर्मा ने भी नूंह की पदयात्रा में भाग लिया।
अपने संबोधन में पं. रामकिशन ने कहा कि नफरत के आधार पर मुस्लिम लीग कुछ ही वर्षों में मज़बूत हो गई थी और उस दौर में बड़ी संख्या में मुसलमान उसके साथ चले गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद हिंदू-मुस्लिम की राजनीति ने भाजपा की स्थिति भी वैसी ही बना दी है। पं. रामकिशन ने ज़ोर देकर कहा कि उत्तर भारत में सामाजिक सदभाव को और मज़बूत करने की तत्काल ज़रूरत है।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि देशभर में गैरबराबरी बेहद तेज़ी से बढ़ रही है, जो नफरत के फैलाव का बड़ा कारण बन रही है। आर्थिक असमानता चरम पर है, इससे जनता में असंतोष बढ़ रहा है। चेतावनी भरे स्वर में उन्होंने कहा कि यदि नफरत और गैरबराबरी कम नहीं हुई तो देश में आंतरिक विद्रोह जैसी स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में सभी जाति-वर्गों और संगठनों को मिलकर सामाजिक सदभाव को मज़बूत करने के प्रयास करने होंगे।
इस मौके पर नूंह में पदयात्रा के संयोजक, कांग्रेस विदेश मामलों की महत्वपूर्ण कमेटी के उपाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरेन्द्र सिंह के सुपुत्र पूर्व सांसद बिजेन्द्र सिंह ने आगे बढ़कर शताब्दी पुरुष पं. रामकिशन का भव्य स्वागत किया।
साथ ही किसान नेता इन्दल सिंह जाट, जिला पार्षद मोहन सिंह गुर्जर (अलबर) और विरेन्द्र सिंह मोर का भी पदयात्रा में शामिल तमाम नेताओं ने स्वागत किया।
पूर्व सांसद बिजेन्द्र सिंह ने पं. रामकिशन की सक्रियता और अनुभवों की सराहना करते हुए कहा कि उनके विचार आज के समय में और भी प्रासंगिक हैं। इस पदयात्रा को हरियाणा के अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
2434 करोड़ का बैंक फ्रॉड उजागर, PNB के लोन डूबे, SREI समूह की दो कंपनियां कटघरे में
2026 में कौन-सा त्योहार कब पड़ेगा, जानिए महीना-दर-महीना पूरा शेड्यूल
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
