श्रीगंगानगर के रिड़मलसर क्षेत्र में एसीबी ने पटवारी अंकुश कुमार को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। संयुक्त खाते के विभाजन के बदले एक लाख रुपए मांगने का आरोप है।
‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।
श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर में एक पटवारी को लगा था कि जमीन के कागजों की फाइल उसके इशारे पर ही आगे बढ़ेगी, लेकिन रिश्वत की रकम हाथ में आते ही पूरा खेल उल्टा पड़ गया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने उसे 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
मामला रिड़मलसर क्षेत्र का है, जहां संयुक्त खाते के विभाजन का काम कराने आए एक किसान को सरकारी प्रक्रिया से ज्यादा ‘नकद व्यवस्था’ का सामना करना पड़ा। आरोप है कि पटवारी ने खाता विभाजन की कार्रवाई पूरी करने के बदले एक लाख रुपए की मांग रख दी थी।
परिवादी सुखदेव सिंह ने जब रिश्वत की मांग से परेशान होकर एसीबी का दरवाजा खटखटाया, तो ब्यूरो ने शिकायत को गंभीरता से लिया। पहले पूरे मामले का सत्यापन कराया गया और जब आरोप सही पाए गए तो रिश्वतखोर पटवारी को पकड़ने के लिए जाल बिछा दिया गया।
योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता को आरोपी के संपर्क में भेजा गया। तय सौदे के तहत जैसे ही रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपए आरोपी के हाथों में पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी टीम सक्रिय हो गई। कुछ ही सेकंड में पटवारी को रकम सहित पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकुश कुमार (31) निवासी 8 ईईए, तहसील पदमपुर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में पटवार हल्का 68 एलएनपी, रिड़मलसर में तैनात था। आरोप है कि चक 68 एलएनपी स्थित मुरब्बा संख्या 35 के संयुक्त खाते का विभाजन कराने के एवज में उसने रिश्वत मांगी थी।
पूरी कार्रवाई एसीबी की स्पेशल यूनिट बीकानेर ने पुलिस निरीक्षक इन्द्र कुमार के नेतृत्व में अंजाम दी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी खंगाला जा रहा है कि कहीं इस तरह के अन्य मामलों में भी उसकी भूमिका तो नहीं रही।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसीबी अब उसके आय स्रोतों और अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है। श्रीगंगानगर में हुई इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में भी खलबली मच गई है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘एक बटन और पूरा खाता लॉक’ | RBI ला रहा ‘किल स्विच’—डिजिटल पेमेंट फ्रॉड पर लगेगा डिजिटल ताला
30 की उम्र में ही हड्डियां हो रहीं खोखली | ये आदतें चुपचाप शरीर को बना रही हैं ‘फ्रैक्चर मशीन’
‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।
