श्रीनाथद्वारा (Shrinathdwara) में आयोजित पाटोत्सव में ब्रजभाषा ग़ज़ल को विशेष स्थान मिला। भरतपुर व दौसा के चार साहित्यकारों को ब्रजभाषा ग़ज़ल श्री सम्मान से नवाजा गया।
श्रीनाथद्वारा
साहित्य मंडल श्रीनाथद्वारा के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय पाटोत्सव में ब्रजभाषा साहित्य की सशक्त उपस्थिति और उसकी ग़ज़ल विधा को नई पहचान मिली। इस अवसर पर भरतपुर के ब्रजभाषा साहित्यकार नरेंद्र ‘निर्मल’, हरिओम हरि एवं सुरेंद्र सार्थक तथा दौसा के डॉ. अंजीव अंजुम को ब्रजभाषा ग़ज़ल श्री सम्मान से अलंकृत किया गया।
सम्मान सत्र की अध्यक्षता बीकानेर से पधारे शिक्षाविद एवं साहित्यकार रवि प्रकाश पुरोहित ने की, जबकि जयपुर की डॉ. संतोष यादव मुख्य अतिथि रहीं। विशिष्ट अतिथि मंडल में दाऊजी से आए सत्यप्रकाश शर्मा ‘सोटानंद’, नोएडा की सुनीता शर्मा तथा तमिलनाडु के शिक्षाविद संजय रामन शामिल रहे।
साहित्य मंडल के प्रधानमंत्री श्याम प्रकाश देवपुरा ने बताया कि पाटोत्सव ब्रजभाषा समारोह के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब ब्रजभाषा ग़ज़ल को विधिवत रूप से सम्मिलित किया गया। ब्रजभाषा के उन्नयन को समर्पित साहित्यकार सुरेंद्र सार्थक, हरिओम हरि, नरेंद्र ‘निर्मल’ एवं डॉ. अंजीव अंजुम को ब्रजभाषा ग़ज़ल लेखन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
श्रीनाथद्वारा साहित्य मंडल द्वारा मुंबई के बहुभाषी शायर नवीन सी. चतुर्वेदी की संस्था ‘साहित्यम’ के सौजन्य से आयोजित इस सम्मान समारोह में चारों साहित्यकारों को प्रभु श्रीनाथ का चित्र, प्रसाद, शॉल, पटका तथा सम्मान उपाधि पत्र प्रदान कर भगवती देवपुरा प्रेक्षागार में सम्मानित किया गया।
सम्मान सत्र से पूर्व आयोजित अकादमिक सत्र में नरेंद्र ‘निर्मल’ ने अष्टछाप कवि चतुर्भुजदास के काव्य में दर्शन, हरिओम हरि ने गोविंददास के काव्य में दर्शन तथा सुरेश शर्मा ने छीतस्वामी के काव्य में दर्शन विषयक आलेख प्रस्तुत किए। इसके साथ ही ब्रजभाषा समस्या-पूर्ति के अंतर्गत दिए गए विषय पर घनाक्षरी छंद और सवैया का पाठ भी किया गया।
पाटोत्सव के प्रथम दिवस पर आयोजित अखिल भारतीय ब्रजभाषा कवि सम्मेलन में देशभर से आए कवियों ने अपनी सरस रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रवि प्रकाश पुरोहित सहित अतिथियों ने ऐसे आयोजनों को ब्रजभाषा और भारतीय साहित्य परंपरा के लिए अत्यंत सार्थक बताते हुए साहित्य मंडल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
PNB के भीतर ‘60 करोड़ का खेल’, होटल कारोबारी की संपत्ति हड़पने की साजिश, बैंक के 5 बड़े अफसर नामजद
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
