भरतपुर (Bharatpur) जिले में उच्चैन (Uchchain) के राजकीय कन्या महाविद्यालय में ‘रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण’ कार्यक्रम के बाद सम्मान समारोह हुआ। 60 छात्राओं को प्रमाण-पत्र मिले और भामाशाह रिखव चंद मित्तल ने आर्थिक सहायता व कॉलेज के लिए घोषणाएं कीं।
उच्चैन
राजकीय कन्या महाविद्यालय उच्चैन में ऐसा माहौल बना मानो मंच पर केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और नारी सशक्तिकरण का उत्सव सजा हो। नोडल प्राचार्य व संरक्षक डॉ. मधु शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित सम्मान समारोह में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, साहस और आत्मरक्षा कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि भामाशाह रिखव चंद मित्तल, मुख्य वक्ता महाविद्यालय के प्रथम संस्थापक व पूर्व प्राचार्य डॉ. चंद्र लोचन त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि डॉ. निशा गोयल (अकादमिक प्रभारी, आर.डी. गर्ल्स कॉलेज भरतपुर) तथा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. लक्ष्मी गुप्ता के करकमलों से मां वाग्देवी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
दरअसल यह समारोह हाल ही में आयोजित एक माह के ‘रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम’ के समापन के उपलक्ष्य में रखा गया था। आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा के निर्देश पर हुए इस प्रशिक्षण में छात्राओं ने जूडो-कराटे और मार्शल आर्ट की तकनीकें सीखीं। कार्यक्रम में प्रशिक्षित 60 छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि रिखव चंद मित्तल ने सभी प्रशिक्षित छात्राओं को डॉक्यूमेंट फाइलें भेंट कीं और कहा कि बेटियों की सुरक्षा और आत्मविश्वास ही समाज की असली ताकत है।
मंच पर सजी प्रतिभा की रंगीन झलक
कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को जीवंत बना दिया। बीए सेमेस्टर पंचम की छात्रा काजल ने ‘ऑटो रिक्शा भी चलाने लगी बेटियां’ गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। वहीं गुड़िया ने ‘दीवारें ऊँची हैं’ गीत से भारत की गौरव गाथा का भावपूर्ण चित्र खींचा।
यतेन्द्री ने राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि महक, स्नेहा, शुभी पाठक, दीया व्यास और परवीना ने पंजाबी नृत्य से माहौल में रंग भर दिए। एकता, निशा बानो और मोहिनी ने हरियाणवी नृत्य से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
इसी दौरान साक्षी शर्मा, तनिष्का वर्मा, निकिता मदेरणा और मनु इंदोलिया ने अपने वक्तव्यों के माध्यम से नारी सशक्तिकरण, स्व-सुरक्षा और रानी लक्ष्मीबाई के व्यक्तित्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इन छात्राओं ने प्रशिक्षण में सीखे आत्मरक्षा कौशल का मंच पर प्रदर्शन भी किया।
भामाशाह की मदद और बड़े वादे
समारोह में संवेदनशील पहल भी देखने को मिली। आर्थिक रूप से कमजोर छात्रा गुड़िया को भामाशाह रिखव चंद मित्तल ने 5100 रुपये, जबकि काजल को 1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी।
इसके साथ ही उन्होंने महाविद्यालय में पेयजल व्यवस्था के लिए 21,000 रुपये देने और कॉलेज कार्यालय के लिए इनवर्टर सेट उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। मित्तल ने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में फीस भरने में असमर्थ छात्राओं की मदद के लिए वे हर संभव सहयोग करेंगे।
वक्ताओं ने दिया आत्मविश्वास का संदेश
अध्यक्षता कर रहीं डॉ. मधु शर्मा ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए महाविद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति की सराहना की और कहा कि आज की बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ स्मार्टनेस और आत्मरक्षा कौशल भी जरूरी है। डॉ. निशा गोयल ने छात्राओं की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए हाल ही में मनाए गए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
पूर्व प्राचार्य डॉ. चंद्र लोचन त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति अनेक उपमानों से परे है—हर शब्द उसकी शक्ति और संवेदना की नई व्याख्या करता है। राजकीय महाविद्यालय से आए व्याख्याता जगबीर सिंह ने एक गीत सुनाकर छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम का संचालन हिंदी प्रवक्ता डॉ. सीमा सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि किशोरियों के लिए स्व-सुरक्षा प्रशिक्षण क्यों जरूरी है और सरकार किस प्रकार ऐसी योजनाओं को विद्यालय-महाविद्यालयों तक पहुंचा रही है।
अंत में प्राचार्य डॉ. लक्ष्मी गुप्ता ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद छात्राओं का शिक्षा के प्रति समर्पण प्रेरणादायक है। उन्होंने महाविद्यालय के स्टाफ डॉ. धर्मेंद्र कुमार शर्मा, डॉ. नरेश सागर, डॉ. पूनम दीक्षित, डॉ. रिचा गुप्ता, डॉ. उपमा सिंह परिहार और डॉ. अशोक की कर्मठता की सराहना की।
समारोह के अंत में डॉ. चंद्र लोचन त्रिपाठी की ओर से छात्राओं को स्वल्पाहार कराया गया, जबकि कॉलेज की ओर से पेन और चॉकलेट वितरित किए गए। इस अवसर पर विशेष गर्ग तथा राजकीय विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य गुलाब चंद सिंघल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘जीरो नंबर वाले भी नौकरी के हकदार?’ | फोर्थ क्लास भर्ती पर हाईकोर्ट हैरान, सरकार से मांगा जवाब
खून की कमी चुपचाप वार करती है | आयरन की गोली बेअसर क्यों? आदतें बदलें, हीमोग्लोबिन खुद बढ़ेगा
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
