रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय (RD Girls College), भरतपुर में एनएसएस शिविर के चौथे दिन सोशल मीडिया और मानसिक स्वास्थ्य पर व्याख्यान, खेल प्रतियोगिताएं और आरएएस चयनित प्रीति बैंसला का मार्गदर्शन।
भरतपुर के रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय में चल रहे सात दिवसीय एन.एस.एस. शिविर के चतुर्थ दिवस की शुरुआत प्राचार्य डॉ. मधु शर्मा के निर्देशन में माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं एन.एस.एस. गीत के साथ हुई। कार्यक्रम का संचालन एन.एस.एस. प्रभारी श्री योगेन्द्र सिंह तथा चारों इकाइयों के कार्यक्रम अधिकारियों श्रीमती अंशु गुप्ता, श्री निशांत सिंह चौहान और सुश्री प्रीति मौर्य के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वीरेन्द्र पाल टांक, सहायक आचार्य (मनोविज्ञान) ने “सोशल मीडिया का मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव” विषय पर व्याख्यान देते हुए स्वयंसेविकाओं को सोशल मीडिया के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से उत्पन्न तनाव, चिंता, अवसाद और अनिद्रा जैसे मानसिक प्रभावों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया और इसके संतुलित प्रयोग पर विशेष जोर दिया।
इसके पश्चात प्राचार्य डॉ. मधु शर्मा द्वारा छात्राओं के लिए रूमाल झपट्टा, 100 मीटर दौड़, तीन टांग, म्यूजिकल चेयर, फिज़-बज़ और यस-नो जैसी खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया। डॉ. शर्मा ने “स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का वास” की अवधारणा को रेखांकित करते हुए कहा कि व्यक्तित्व के संतुलित विकास के लिए खेलों में नियमित भागीदारी आवश्यक है।
खेल प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में मान सिंह, दीवान सिंह, विनय खण्डेलवाल, देवेन्द्र गहलोत, सुश्री अंशुलता बंसल, सुश्री पुनीता खण्डूरी और सुश्री प्रिया शर्मा शामिल रहीं।
कार्यक्रम के अगले सत्र में हाल ही में राजस्थान प्रशासनिक सेवा में 160वीं रैंक के साथ चयनित प्रीति बैंसला ने छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े सिलेबस पैटर्न, स्टडी प्लान और रणनीति की जानकारी दी। उन्होंने अनुशासन, नियमित अभ्यास और सही दिशा में मेहनत को सफलता की कुंजी बताया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी संकाय सदस्य, एन.एस.एस. सहायक मनेन्द्र दत्त शर्मा, देवी सहाय मीणा, मनीष पुरी, दीपक, उज्ज्वल सैन, राहुल राणा, जीवन, जोगेन्द्र सिंह, राहुल, श्रीमती कुमकुम, नारायण पटेल, सुरेन्द्र शर्मा सहित एन.एस.एस. की स्वयंसेविकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
2026 में कौन-सा त्योहार कब पड़ेगा, जानिए महीना-दर-महीना पूरा शेड्यूल
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
