भारत–न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (India New Zealand FTA) पर राजस्थान चैंबर (Rajasthan Chamber of Commerce) की प्रतिक्रिया, निर्यात, निवेश और रोजगार को बताया ऐतिहासिक अवसर।
जयपुर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच संपन्न हुए मुक्त व्यापार समझौते (Free Trade Agreement – FTA) का राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने खुलकर स्वागत किया है। चैंबर ने इसे भारत के निर्यात विस्तार, निवेश प्रवाह और रोजगार सृजन के लिए एक दूरगामी व निर्णायक कदम करार दिया है। राजस्थान चैंबर का मानना है कि यह समझौता दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के साथ-साथ भारतीय उद्योगों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए और मजबूत करेगा।
राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष डॉ. के. एल. जैन ने कहा कि इस समझौते के तहत न्यूजीलैंड द्वारा भारत से निर्यात होने वाले 100 प्रतिशत उत्पादों को ड्यूटी-फ्री एक्सेस दिया जाएगा। इससे विशेष रूप से कपड़ा, चमड़ा और अन्य श्रम-प्रधान उद्योगों को बड़ा लाभ मिलेगा और देश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने इस एफटीए को “मेक इन इंडिया” और “वोकल फॉर लोकल” को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
डॉ. जैन ने न्यूजीलैंड द्वारा अगले 15 वर्षों में भारत में 20 बिलियन डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता को भी बेहद सकारात्मक बताया। उनके अनुसार यह निवेश भारत के बुनियादी ढांचे, विनिर्माण और सेवा क्षेत्र को नई गति देगा और दीर्घकालिक आर्थिक मजबूती में सहायक सिद्ध होगा।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि भारत सरकार ने इस समझौते में डेयरी, कृषि जैसे संवेदनशील उत्पादों और कुछ अन्य क्षेत्रों को बाहर रखकर घरेलू किसानों, छोटे व्यापारियों और एमएसएमई सेक्टर के हितों की रक्षा की है। इसे उन्होंने संतुलित और व्यावहारिक व्यापार नीति का उदाहरण बताया। वहीं न्यूजीलैंड से आने वाले कुछ चुनिंदा उत्पादों पर सीमित रियायतें देकर उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है।
राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने भरोसा जताया कि यह मुक्त व्यापार समझौता भारतीय निर्यातकों, उद्योगपतियों और निवेशकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा और भारत–न्यूजीलैंड के बीच दीर्घकालिक, पारस्परिक रूप से लाभकारी आर्थिक साझेदारी को और अधिक मजबूत करेगा।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
2026 में कौन-सा त्योहार कब पड़ेगा, जानिए महीना-दर-महीना पूरा शेड्यूल
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
