मोबाइल की लत पर युवाओं ने दी चेतावनी | मास्टर आदित्येंद्र स्मृति भाषण प्रतियोगिता में अनुष्का ने मारी बाजी

भरतपुर स्थापना दिवस समारोह में मोबाइल की लत और उसके दुष्प्रभाव विषय पर मास्टर आदित्येंद्र स्मृति भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें अनुष्का शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

भरतपुर 

भरतपुर स्थापना दिवस समारोह की शृंखला में किला स्थित टाउन हॉल में जब छात्र-छात्राएं मंच पर उतरे, तो उनके शब्दों में सिर्फ भाषण नहीं, बल्कि समाज को आईना दिखाने वाली चेतावनी थी। विषय था—’मोबाइल की लत और दुष्प्रभाव: कारण और निवारण’, और हर प्रतिभागी ने अपने विचारों से यह साबित कर दिया कि नई पीढ़ी समस्या को पहचानती भी है और समाधान सुझाने का साहस भी रखती है।

लोहागढ़ विकास परिषद् एवं भरतपुर जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत मास्टर आदित्येंद्र स्मृति ट्रस्ट और जिला व्यापार महासंघ के सहयोग से मास्टर आदित्येंद्र स्मृति भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला व्यापार महासंघ अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने की, जबकि एकल सुर ताल टीम की कलाकार करुणा बहन मुख्य अतिथि रहीं। अयोध्या से पधारे एकल श्री हरि वनवासी विकास ट्रस्ट के केंद्रीय पदाधिकारी ओमप्रकाश एवं स्थापना दिवस संयोजक अनुराग गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के कुल 39 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मंच पर एक से बढ़कर एक विचार सामने आए—किसी ने मोबाइल को ‘सुविधा का साधन लेकिन जीवन का स्वामी नहीं’ बताया, तो किसी ने इसे ‘एकाकीपन की सबसे बड़ी वजह’करार दिया।

संयोजक प्रोफेसर डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में श्री अग्रसेन महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की अनुष्का शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल कर सबको प्रभावित किया। वहीं श्री अग्रसेन महिला टी.टी. कॉलेज की जया फौजदार द्वितीय स्थान पर रहीं और श्री अग्रसेन महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की तनिशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को क्रमशः 3100, 2100 और 1100 रुपये नकद पुरस्कार के साथ प्रतीक चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

अध्यक्षीय संबोधन में संजीव गुप्ता ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में भाषण कला का विकास करना है और ऐसे ज्वलंत विषय पर संवाद शुरू करना है, जिसने आज मानव को मोबाइल का आदी बनाकर सामाजिक दूरी बढ़ा दी है।

निर्णायक मंडल में प्रसिद्ध अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. मोहकम सिंह, सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. मगन प्रसाद एवं साहित्यकार श्याम सिंह जघीना शामिल रहे। प्रतियोगिता के सफल संचालन में विशाल कुमार एवं कृष्ण पाल ने सहयोग दिया।

इस अवसर पर लोहागढ़ विकास परिषद् के जिला समन्वयक योगेश शर्मा सहित परिषद् के सदस्य, एकल सुरताल टीम के पदाधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों के प्रोफेसर, विद्यार्थी और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता ने न केवल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि मोबाइल की बढ़ती लत पर गंभीर सामाजिक विमर्श की दिशा भी तय की।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

न्यायिक महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल | राजस्थान हाईकोर्ट ने 8 न्यायिक अधिकारियों को APO किया

‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।