जयपुर में राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय का तीन दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न हुआ, जिसमें ‘हमारा विद्यालय–हमारा स्वाभिमान’ विषय पर शिक्षक की भूमिका और राष्ट्र निर्माण पर विचार रखे गए।
जयपुर
शिक्षा व्यवस्था की जड़ों को मजबूत करने और शिक्षक की भूमिका को केवल कक्षा तक सीमित न मानते हुए समाज निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के जिला जयपुर प्रथम एवं द्वितीय का तीन दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग आनंदीलाल पोद्दार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (बधिर), जयपुर में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान शिक्षकों को यह संदेश स्पष्ट रूप से दिया गया कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि संस्कार, स्वाभिमान और राष्ट्रनिर्माण की प्रयोगशाला है—और इसकी शुरुआत शिक्षक के स्वयं के आचरण से होती है।
‘हमारा विद्यालय–हमारा स्वाभिमान’ पर जोर
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) के राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर ने “हमारा विद्यालय–हमारा स्वाभिमान” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक यदि स्वयं को आदर्श के रूप में प्रस्तुत करे, तो विद्यालय स्वतः तीर्थ बन सकता है।
उन्होंने कहा कि “राष्ट्र के हित में शिक्षा, शिक्षा के हित में शिक्षक और शिक्षक के हित में समाज—इसी ध्येय को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ देशभर में ‘हमारा विद्यालय–हमारा स्वाभिमान’ अभियान चला रहा है।”
कक्षा कक्ष से समाज तक बदलाव की नींव
कपूर ने कहा कि समाज की दशा और दिशा बदलने की क्षमता शिक्षक के पास है, और इस परिवर्तन की नींव विद्यालय के कक्षा कक्षों से ही रखी जानी चाहिए।
उन्होंने प्रार्थना सभा को प्रभावी बनाने, विद्यालय की भौतिक सुविधाओं व साज-सज्जा को आकर्षक करने, स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण तैयार करने, विद्यार्थियों व अभिभावकों के साथ स्नेहपूर्ण संबंध रखने तथा विद्यार्थियों के अच्छे गुणों को सार्वजनिक रूप से प्रोत्साहित करने जैसे व्यावहारिक पहलुओं पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य यह होना चाहिए कि विद्यालय ऐसा बने, जिसे समाज गर्व के साथ मंदिर की तरह अपने अतिथियों को दिखा सके।
मुख्य वक्ता ने कहा कि जब शिक्षक अपने प्रयासों की पराकाष्ठा करता है, तभी समर्थ भारत, श्रेष्ठ भारत और विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है।
प्रदेश व जिला स्तर के पदाधिकारियों की भागीदारी
प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री बसंत जिंदल, प्रदेश उपसभा अध्यक्ष चंद्र प्रकाश शर्मा, प्रदेश संयुक्त मंत्री नोरंग सहाय भारतीय, प्रदेश प्रतिनिधि निधि छीपा, प्रदेश मीडिया प्रकोष्ठ सहसंयोजक देवेंद्र शर्मा, अभिलेखागार प्रकोष्ठ सहसंयोजक जयकिशन दाधीच, प्रदेश महिला प्रकोष्ठ सहसंयोजक सुनीता शर्मा, संभाग संगठन मंत्री कमलेश चौधरी सहित जयपुर जिला कार्यकारिणी, उपशाखा कार्यकारिणी के पदाधिकारी, सक्रिय कार्यकर्ता एवं प्रबंधनकर्ता उपस्थित रहे। प्रशिक्षण वर्ग का समापन कल्याण मंत्र के साथ किया गया।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
