महिला दिवस पर बुजुर्ग शिक्षिकाओं की ‘रोटी और शांति’ की पुकार, नेहरू बाल उद्यान में जुटीं 63–74 वर्ष की शिक्षिकाएं | पुरानी पेंशन बहाली के लिए उपमुख्यमंत्री को पत्र भेजने का प्रस्ताव

जयपुर के नेहरू बाल उद्यान में महिला दिवस पर सेवानिवृत्त समायोजित महिला शिक्षाकर्मियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग उठाई। मंच ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को पत्र भेजने का प्रस्ताव पारित किया।

जयपुर 

जयपुर में महिला दिवस के मौके पर नेहरू बाल उद्यान में जुटीं राज्य की अनुदानित शिक्षण संस्थाओं से वर्ष 2011 में राजकीय सेवा में समायोजित सेवानिवृत्त महिला शिक्षाकर्मियों ने ‘ब्रेड एंड पीस’ (रोटी और शांति) का प्रतीकात्मक संदेश देते हुए पुरानी पेंशन की मांग उठाई।

राजस्थान सेवानिवृत्त समायोजित शिक्षक‑कर्मचारी मंच के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में 63 से 74 वर्ष आयु वर्ग की शिक्षिकाओं का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। इस दौरान सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि अनुदानित संस्थाओं में किए गए सेवाकाल को भी जोड़कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने की मांग को लेकर दिया कुमारी को पत्र भेजा जाएगा।

‘बिना पेंशन के बुढ़ापा बेकार’

कार्यक्रम में मौजूद शिक्षिकाओं ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि वर्षों तक शिक्षा सेवा देने के बावजूद आज उन्हें आर्थिक असुरक्षा और सामाजिक असहायता का सामना करना पड़ रहा है। उनकी भावनाएं नारों में भी झलकीं —
‘बिना पेंशन टेंशन ही टेंशन’ और ‘बिना पेंशन के बुढ़ापा बेकार।’

मंच ने जताई नाराज़गी

मंच के मुख्य संचालक विजय उपाध्याय और संचालक डीपी ओझा ने संयुक्त रूप से कहा कि सरकार एक ओर वरिष्ठ नागरिकों और असंगठित मजदूरों के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है, लेकिन 35–40 वर्ष तक शिक्षा सेवा देने वाले शिक्षाकर्मियों के लिए गुजारा भत्ता या पुरानी पेंशन का कोई प्रावधान नहीं है।

उन्होंने कहा कि जब तक सरकार पुरानी पेंशन पर नीतिगत निर्णय नहीं लेती, तब तक राजकीय सेवा के साथ अनुदानित संस्थाओं की सेवा को जोड़कर कम से कम 10 वर्ष का सेवाकाल मानते हुए अंतरिम राहत के तौर पर पेंशन दी जानी चाहिए।

शांति के लिए उठे हाथ

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षिकाओं और सदस्यों ने हाथ उठाकर शांति और सम्मानजनक जीवन की प्रार्थना की।

इस मौके पर शरनजीत, अलका शर्मा, कमलेश चतुर्वेदी, रीता भार्गव, मृदुल जोशी, कौशल्या अग्रवाल, कृष्ण माथुर, ललिता तनेजा, उषा सचदेव, राजश्री तिवारी, रश्मि शर्मा, राधा पारीक, मीरा सक्सेना, राजकुमारी जैन, विजय उपाध्याय, डीपी ओझा, हीरेंद्र सिंह, महावीर प्रसाद माली, राकेश पाठक, मोहनलाल शर्मा और गिरिराज सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

रेट्रोस्पेक्टिव प्रमोशन पर ‘नो वर्क नो पे’ नहीं चलेगा | हाईकोर्ट बोला—अफसरों की गलती का खामियाजा कर्मचारी क्यों भुगते?

रेलवे के ‘कमाऊ मंडल’ में घूस का खेल पकड़ा गया | 50 हजार की रिश्वत लेते ही सीबीआई ने दबोचा वरिष्ठ अभियंता, DRM ऑफिस में मचा हड़कंप

खून की कमी चुपचाप वार करती है | आयरन की गोली बेअसर क्यों? आदतें बदलें, हीमोग्लोबिन खुद बढ़ेगा

‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।