भरतपुर में औद्योगिक सेक्टर और बंद पड़े उद्योगों की बहाली को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर सवाल उठाए। प्रवक्ता किशोर शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से नए उद्योगों का ब्लू-प्रिंट तैयार करने की मांग की।
भरतपुर
राज्य बजट में भरतपुर की आर्थिक मजबूती के लिए औद्योगिक सेक्टर की स्थापना और पुराने उद्योगों की बहाली का कोई प्रावधान नहीं होने पर कांग्रेस ने कड़ी नाराजगी जताई है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पूर्वी राजस्थान को विकास की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए भरतपुर में उद्योगों की स्थापना का ठोस ब्लू-प्रिंट जल्द तैयार किया जाए।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता किशोर शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर उनके गृह संभाग मुख्यालय भरतपुर में पुराने उद्योगों की बहाली और नए इंडस्ट्रियल सेक्टर की स्थापना की मांग उठाई है।
किशोर शर्मा ने याद दिलाया कि आजादी के बाद कांग्रेस शासनकाल में भरतपुर के सर्वांगीण विकास के लिए कई बड़े औद्योगिक संस्थान स्थापित किए गए थे। इनमें Simco Wagon Factory, Dalmia Dairy, Perfect Pipe Factory और Chinar Group जैसे उद्योग शामिल थे। इन उद्योगों के कारण भरतपुर देश के विकसित शहरों की कतार में खड़ा हुआ था।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन के दौरान हालात उलट गए और भरतपुर क्षेत्र के करीब 26 बड़े उद्योगों पर ताले लग गए। इससे हजारों युवाओं के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया और स्थानीय बाजार की आर्थिक गतिविधियों पर भी बुरा असर पड़ा।
किशोर शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के अब तक तीन बजट पेश हो चुके हैं, लेकिन भरतपुर में नए उद्योग स्थापित करने या बंद पड़े उद्योगों को फिर से शुरू कराने को लेकर कोई ठोस घोषणा नहीं की गई।
उन्होंने सरकार से मांग की कि भरतपुर जैसे बड़े जिले की अनदेखी बंद कर नए उद्योग लगाने और बंद पड़े उद्योगों को दोबारा चालू कराने के लिए ठोस नीति बनाई जाए, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके और क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
खून की कमी चुपचाप वार करती है | आयरन की गोली बेअसर क्यों? आदतें बदलें, हीमोग्लोबिन खुद बढ़ेगा
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
