महिला RAS अफसर की टिप्पणी पर भरतपुर में बवाल, दलाल बताने पर पार्षद और नगर निगम मेयर हुए लामबंद, बोले- मानहानि का दावा करेंगे

भरतपुर 

CM अशोक गहलोत के तबादलों में पैसे लेने के सवाल पर आए महिला RAS अफसर नीलिमा तक्षक के  कमेंट पर भरतपुर में अब और बवाल खड़ा हो गया है। नीलिमा तक्षक ने पार्षद  सतीश सोगरवाल को दलाल बताते हुए सोशल मीडिया पर कमेंट किया था। अब इसे लेकर पार्षद और नगर निगम के मेयर नीलिमा तक्षक के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। पार्षद ने कहा है कि वे इस अधिकारी के खिलाफ मानहानि का दावा करेंगे।

आपको बता दें कि मंगलवार को जयपुर में हुए राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शिक्षकों ये यह पूछ लिया था कि उन्हें तबादलों के लिए पैसे तो नहीं देने पड़ते। गहलोत ने शिक्षकों से यह बात दो बार पूछी और दोनों ही बार शिक्षक सामूहिक स्वर में बोले ‘हां, पैसे देने पड़ते हैं।’ बस, इसके बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे पर जोरदार बहस छिड़ गई है। खासतौर से RAS अफसर नीलिमा तक्षक के कमेंट पर घसान मचा है।

गहलोत की इस बात को भरतपुर भाजपा  जिलाध्यक्ष डा. शैलेश सिंह ने अपने सोशल मीडिया पेज पर पोस्ट कर दिया था। जिस पर  RAS अफसर नीलिमा तक्षक  नेएक कमेंट करते हुए भरतपुर के पार्षद सतीश सोगरवाल को दलाल तक कह डाला। उन्होंने पार्षद के खिलाफ सवाल उठाते हुए लिखा था  कि 30 हजार रुपए के मजदूर के पास चुनाव के लिए तीन करोड़ कहां से आ गए?

साथ ही एक अन्य कमेंट में दो अन्य लोगों पर भी आरोप लगाए। साथ ही पार्षद पर कमेंट किया है कि इसे पुलिस, शिक्षा विभाग, नगर निगम और यूआईटी में दलाली के लिए खुला छोड़ रखा है। एक और दलाल आशु एवं ठेकेदार बिकेन्दर उर्फ बीके श्रीराम फार्म हाउस पर आए दिन पार्टी कर इसके रंग में रंगे हुए हैं। इनके आका के आंख पर पट्टी बंध रही है।

RAS अफसर नीलिमा तक्षक  की इस कमेंट के बाद बुधवार को  सतीश सोगरवाल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि वे इस आरएएस अधिकारी के खिलाफ मानहानि का दावा और क़ानूनी कार्रवाई  करेंगे। सतीश सोगरवाल के पक्ष में मेयर अभिजीत सहित कई पार्षद  भी आज लामबंद हो गए।

सतीश सोगरवाल ने कहा कि उनकी पत्नी सेवर पंचायत समिति की प्रधान हैं। सतीश सोगरवाल खुद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सेवर के अध्यक्ष पद पर हैं । RAS अफसर नीलिमा तक्षक ने उनकी  छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है। जिस तरह के आरोप लगाए हैं अगर वह आरोप एक भी सिद्ध हो जाए तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे।  उन्होंने कहा कि नीलिमा तक्षक ने अपशब्दों का प्रयोग किया उनके खिलाफ मामला दर्ज करवाया जाएगा। मानहानि का दावा भी किया जाएगा।

क्या आपने ये खबरें भी पढ़ीं?