भरतपुर में ASI 20 हजार की घूस लेते दबोचा, जेठ के खिलाफ दर्ज मामले में एक्शन लेने के लिए मांगे थे तीस हजार

भरतपुर 

ACB ने भरतपुर में एक ASI को बीस हजार की घूस लेते हुए दबोच लिया। उसने यह घूस एक महिला से उसके जेठ के खिलाफ कार्रवाई करने के एवज में ली थी। घूस लेते समय ACB की भनक लगते ही ASI ने एक कमरे में अपने को बंद कर लिया। ACB ने दरवाजा तोड़ कर उसे बाहर निकाला और गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार ASI का नाम रामवीर सिंह है और वह थाना मथुरा गेट के अंतर्गत RBM अस्पताल की चौकी पर तैनात है। दरअसल सेवर थाना इलाके के धर्मपुरा गांव की रहने वाली इंदु नाम की एक महिला ने अपने जेठ वीरेंद्र के खिलाफ छेड़खानी और मारपीट करने का मामला दर्ज कराया था। उसका पति भागमल भी जेठ का साथ दे रहा था। इसी मामले में एक्शन लेने के लिए ASI ने एक महिला से घूस की डिमांड की थी। महिला ने यह घूस की रकम अपने गहने गिरवी रख जुटाई थी।

इंदु के मामला दर्ज करवाने के बाद वीरेंद्र ने इंदु के पति भागमल से इंदु के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया। इंदु के पति भागमल ने इंदु पर आरोप लगाया कि  वह अपने भाई को बुलाकर उससे मारपीट करवाती है। इन दोनों मामलों की तफ्तीश मथुरा गेट थाने के ASI और आरबीएम चौकी इंचार्ज रामवीर सिंह कर रहे थे।

ASI रामवीर ने इंदु से यह कहते हुए धमकाया था कि अगर वह पैसे नहीं देगी तो वह उसके द्वारा दर्ज करवाए गए मामले में FR लगा देगा। रामवीर सिंह ने इंदु द्वारा दर्ज करवाए गए मामले में कार्रवाई करने के 30 हजार रुपए  की रिश्वत मांगी। आज बीस हजार लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।

क्या आपने ये खबरें भी पढ़ीं?