‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन का निधन | थम गई झारखंड की आत्मा, आदिवासी आंदोलन का सबसे बड़ा चेहरा हमेशा के लिए खामोश

नई दिल्ली 

झारखंड (Jharkhand) के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन (Shibu Soren) का सोमवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में 81 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। पिछले डेढ़ महीने से वे लगातार आईसीयू में भर्ती थे और वेंटिलेटर पर रखे जा रहे थे। कई बार हालत में सुधार दिखा, लेकिन किडनी और पैरालिसिस जैसी जटिलताओं ने शरीर को पूरी तरह तोड़ दिया।

शिबू सोरेन के निधन की पुष्टि सर गंगाराम अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. ए. के. भल्ला ने की। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह 8:56 पर उनका निधन हुआ। 19 जून को उन्हें पैरालिसिस अटैक के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, और तभी से उनका जीवन आईसीयू और वेंटिलेटर के बीच जूझता रहा। उनके इलाज की निगरानी खुद डॉ. भल्ला कर रहे थे।

शिबू सोरेन के पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “पिताजी के जाने से मैं शून्य हो गया हूं।” हेमंत पिछले कई दिनों से अस्पताल में रहकर पिता की सेवा में जुटे थे।

शिबू सोरेन केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि झारखंड आंदोलन की धड़कन थे। उन्होंने आदिवासियों के अधिकारों की लड़ाई के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। झारखंड मुक्ति मोर्चा की नींव रखने वाले शिबू सोरेन ही वह चेहरा थे, जिनके संघर्ष से झारखंड एक पृथक राज्य के रूप में अस्तित्व में आया।

देश की राजनीति में भी उन्होंने गहरी छाप छोड़ी। वे न सिर्फ झारखंड के मुख्यमंत्री रहे, बल्कि यूपीए सरकार में केंद्रीय कोयला मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे। आदिवासी समाज उन्हें ‘दिशोम गुरु’ के नाम से सम्मान देता था।

उनकी सेहत को लेकर बीते दिनों राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, सांसद संजय सेठ और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जैसे कई वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल ले चुके थे। शिबू सोरेन का निधन सिर्फ एक व्यक्ति का जाना नहीं है — यह झारखंड की उस जड़ों से कटने जैसी त्रासदी है, जिसने राज्य को जन्म दिया। उनका जाना एक युग का अंत है।

नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

राजस्थान शिक्षा विभाग में तबादलों का तूफान | 509 प्रिंसिपलों की लिस्ट जारी, कई APO, कई BEO बनाए गए | यहां देखें पूरी लिस्ट

35 जरूरी दवाएं हुईं सस्ती, दिल-डायबिटीज-इंफेक्शन के मरीजों को बड़ी राहत | देखें लिस्ट

हद है भाई… बैंक है या बंधक केंद्र! | किस्त नहीं चुकाई तो बैंक ने पत्नी को ही बंधक बना लिया

बैंकों में हर शनिवार को छुट्टी? | सरकार ने संसद में खोले 5 डे वर्किंग प्लान के पत्ते, जानिए क्या बदलने वाला है

नई हवा’ की  खबरें  नियमित  और अपने मोबाइल पर डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए  व्हाट्सएप नंबर  9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें