जयपुर ग्रामीण के सांभर में ACB ने SHO राममिलन मीणा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। सड़क निर्माण कार्य को लेकर रिश्वत मांगने का आरोप है।
जयपुर/सांभर। सड़क निर्माण का काम चल रहा था, लेकिन आरोप है कि रास्ते में पुलिस की दखलंदाजी बढ़ती जा रही थी। काम रुकवाने और कार्रवाई की धमकी के बीच मामला आखिरकार उस रकम तक पहुंच गया, जिसे देने के बाद निर्माण कार्य बिना पुलिसिया व्यवधान जारी रखने की बात कही गई। शिकायत एसीबी तक पहुंची और फिर सांभर में ऐसा जाल बिछा कि 50 हजार रुपये लेते ही थाना अधिकारी राममिलन मीणा एसीबी के हत्थे चढ़ गए।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की स्पेशल टीम ने सांभर SHO राममिलन मीणा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद जयपुर ग्रामीण पुलिस जिले में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
सड़क निर्माण को लेकर शुरू हुआ था पूरा मामला
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में सार्वजनिक सड़क निर्माण का काम प्रस्तावित था। शिकायतकर्ता ठेकेदार और स्थानीय लोगों का आरोप था कि निर्माण शुरू होने के बाद पुलिस की ओर से लगातार हस्तक्षेप किया जा रहा था। काम रोकने और कानूनी कार्रवाई की धमकी के बीच निर्माण कार्य को सुचारू रूप से चलने देने के बदले रिश्वत की मांग किए जाने की शिकायत एसीबी तक पहुंची। शिकायत के बाद एसीबी ने पहले मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की योजना तैयार की गई।
तय रकम लेकर पहुंचा परिवादी, इशारा मिलते ही पहुंची टीम
एसीबी के अधिकारियों ने सांभर थाना क्षेत्र के आसपास ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया। परिवादी ने तय रकम 50 हजार रुपये आरोपी SHO राममिलन मीणा को सौंपी। जैसे ही रिश्वत की रकम स्वीकार की गई, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर राममिलन मीणा को पकड़ लिया। एसीबी के अनुसार रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।
DG-ADG के निर्देशन में ASP भूपेंद्र चौधरी की टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता और अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में की गई। ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व एएसपी भूपेंद्र चौधरी ने किया। एसीबी अब मामले में आगे की जांच कर रही है। आरोपी अधिकारी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
