जैसलमेर के लोहारकी गांव में दंपती और उनके दो बच्चों की पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस प्रथम दृष्टया सामूहिक आत्महत्या मान रही है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच जारी है।
जैसलमेर। रविवार रात जैसलमेर के पोकरण क्षेत्र का लोहारकी गांव उस समय चीखों से गूंज उठा, जब एक ही परिवार की चार जिंदगियां कुछ ही पलों में खत्म हो गईं। 30 वर्षीय जसराज, उनकी पत्नी निरमा, 10 वर्षीय बेटे भरत और 5 वर्षीय बेटी मनीषा की पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि परिवार के लोग चाहकर भी उन्हें बचा नहीं सके।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए हर पहलू की जांच की जा रही है।
भाई ने देखा… लेकिन सब कुछ पलभर में खत्म हो गया
बताया जा रहा है कि वारदात के समय जसराज का भाई पास ही मौजूद था। उसने दंपती को टंकी की ओर जाते देखा और जैसे ही अनहोनी का अंदेशा हुआ, उसने शोर मचा दिया। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक पानी की टंकी चारों की आखिरी मंजिल बन चुकी थी। ग्रामीणों ने चारों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
रामदेवरा थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। शुरुआती जांच में यह मामला सामूहिक आत्महत्या की ओर इशारा करता है, लेकिन पुलिस हत्या, पारिवारिक विवाद, आर्थिक तनाव या किसी अन्य कारण की संभावना को भी खारिज नहीं कर रही है।
पूरे गांव में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है और लोग यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ जिसने एक पूरे परिवार की जिंदगी एक ही रात में खत्म कर दी।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
बार-बार डॉक्यूमेंट्स देने का झंझट खत्म, क्या आपके पास है यह 14 अंकों का ‘जादुई’ नंबर?
