बाल विवाह के खिलाफ एकजुट हुईं तुहिया की बेटियां, छात्राओं ने ली शपथ; कहीं भी ऐसी शादी हो तो तुरंत करें 1098 पर कॉल

भरतपुर के तुहिया स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। छात्राओं ने बाल विवाह रोकने की शपथ ली।

तुहिया (भरतपुर)। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ अब बेटियां भी जागरूकता की आवाज बुलंद कर रही हैं। तुहिया के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में छात्राओं ने बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होकर न केवल इसके दुष्परिणामों को समझा, बल्कि अपने परिवार और आसपास भी ऐसी किसी शादी को नहीं होने देने का संकल्प लिया।

बाल अधिकारिता विभाग की ओर से संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम ने ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत विद्यालय में जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें छात्राओं को बाल विवाह निषेध अधिनियम, कानूनी प्रावधानों और कम उम्र में शादी से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई।

18 साल से पहले शादी कानूनन अपराध, जानिए क्या हैं प्रावधान

चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सदस्यों ने छात्राओं को बताया कि कानून के अनुसार लड़की की विवाह के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़के की 21 वर्ष निर्धारित है। इससे कम उम्र में विवाह करना दंडनीय अपराध है। टीम ने समझाया कि बाल विवाह का असर केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहता। कम उम्र में शादी होने से बालिकाओं की शिक्षा बीच में छूट सकती है। साथ ही उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कम उम्र में गर्भधारण, कुपोषण और मातृ-शिशु मृत्यु दर का खतरा भी बढ़ जाता है।

बाल विवाह की जानकारी मिले तो 1098 पर करें फोन

कार्यक्रम में छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 की उपयोगिता भी बताई गई। टीम ने बताया कि यह 24 घंटे उपलब्ध निःशुल्क आपातकालीन सेवा है। कहीं बाल विवाह हो रहा हो या कोई बच्चा संकट अथवा शोषण का सामना कर रहा हो तो तत्काल इस नंबर पर सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। टीम ने छात्राओं से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली ऐसी घटनाओं को नजरअंदाज न करें और समय रहते सूचना दें।

छात्राओं और शिक्षकों ने लिया बाल विवाह रोकने का संकल्प

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की छात्राओं और स्टाफ ने सामूहिक रूप से बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे न तो स्वयं कम उम्र में विवाह करेंगी और न ही परिवार या आसपास किसी बाल विवाह को होने देंगी। ऐसी जानकारी मिलने पर प्रशासन और चाइल्ड हेल्पलाइन को तत्काल सूचित करेंगी। इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन काउंसलर खुश्बू कश्यप, सुपरवाइजर सुधीर तथा विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

जिला परिषद पर कब्जे की सियासत, कांग्रेस नेताओं के प्रतिष्ठानों पर पहुंचीं सरकारी टीमें, बयाना के रीको में दो दिन से डेरा

RJS भर्ती में देरी से हजारों युवाओं की बढ़ी धड़कनें, 31 मार्च की डेडलाइन से पहले विज्ञापन निकालने की चुनौती, हाईकोर्ट में फिर अटकी फाइल

बैंक खाते में फ्रॉड का डर हुआ तो बस एक स्विच दबाते ही सबकुछ रुक जाएगा, RBI ला रहा है नया फीचर, जानिए कैसे करेगा काम

एफआईआर दर्ज है तो क्या सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी? राजस्थान हाईकोर्ट ने उठाए 4 बड़े सवाल, अब बड़ी पीठ करेगी फैसला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *