भरतपुर के लोहागढ़ स्टेडियम में 71वीं राजस्थान राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में अंडर-19 और अंडर-17 वर्ग के विजेताओं को सम्मानित किया गया। जयपुर के खिलाड़ियों ने कई खिताब जीते।
भरतपुर (संजीव चीनिया)। लोहागढ़ स्टेडियम में चल रही 71वीं राजस्थान राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026 में मंगलवार शाम खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन का जश्न पुरस्कार वितरण समारोह के साथ मनाया गया। अंडर-19 टीम और अंडर-17 व्यक्तिगत वर्ग के मुकाबलों में जयपुर के खिलाड़ियों ने अपना दबदबा कायम रखते हुए कई खिताब अपने नाम किए। समारोह में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट राहुल सैनी मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में वरिष्ठ चिकित्सा विशेषज्ञ एवं सोलंकी हॉस्पिटल के निदेशक राकेश सोलंकी तथा व्यवसायी अंकित गर्ग और प्रिया गर्ग मौजूद रहे। राजस्थान टेबल टेनिस संघ के सचिव संजय गहलोत, जिला संघ अध्यक्ष राजेंद्र सारस्वत तथा जिला संघ सचिव एवं आयोजन सचिव बन्नो ए. एंथोनी सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने अतिथियों का अभिनंदन किया।
अंडर-19 टीम मुकाबलों में जयपुर रहा सबसे आगे
आयोजन सचिव बन्नो ए. एंथोनी के अनुसार अंडर-19 बालिका टीम वर्ग में जयपुर ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि कोटा उपविजेता रहा। भरतपुर और बीकानेर की टीमों ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। बालक टीम वर्ग में भी जयपुर ने बाजी मारी। कोटा दूसरे स्थान पर रहा, जबकि बीकानेर और चूरू की टीमों ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
अंडर-17 में इन खिलाड़ियों ने जीती ट्रॉफियां
व्यक्तिगत मुकाबलों में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। बालक वर्ग में जयपुर के तुषार रामचंदानी ने पहला स्थान हासिल किया। चूरू के हिमांशु राठौड़ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि जयपुर के युवान बांकलीवाल और नैतिकवीर यादव संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में जयपुर की स्मृति व्यास ने प्रथम स्थान हासिल किया। जयपुर की ही राधिका सोनी दूसरे स्थान पर रहीं। कोटा की प्रियांशी शर्मा और जयपुर की आरना सहानी ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
