भरतपुर में 70वीं राज्य स्तरीय 17 एवं 19 वर्षीय छात्र एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन सीकर ने 200 मीटर की दोनों दौड़ में स्वर्ण जीता। 800 मीटर, पैदल चाल, त्रिकूद और लंबी कूद के परिणाम भी जानें।
भरतपुर (संजीव चीनिया)। ट्रैक पर रफ्तार का मुकाबला हो या मैदान में लंबी छलांग लगाने की चुनौती, 70वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने पदक जीतने के लिए पूरा दम लगाया। मास्टर आदित्येन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में चल रही 17 एवं 19 वर्षीय छात्र वर्ग की प्रतियोगिता में सीकर के खिलाड़ियों ने खास छाप छोड़ी। दोनों आयु वर्गों की 200 मीटर दौड़ में सीकर के धावकों ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं, 800 मीटर दौड़ में श्रीगंगानगर और धौलपुर के खिलाड़ियों ने बाजी मारी।
800 मीटर में श्रीगंगानगर और धौलपुर के धावक अव्वल
अंडर-17 वर्ग की 800 मीटर दौड़ में श्रीगंगानगर के प्रदीप विश्नोई ने पहला स्थान हासिल किया। झुंझुनूं के भावेश शर्मा दूसरे और श्रीगंगानगर के मोहित कुमार तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-19 वर्ग में धौलपुर के अंकुश कसाना ने स्वर्ण पदक जीता। बालक अकादमी श्रीगंगानगर के यासिर दूसरे और कोटपूतली-बहरोड़ के लोकेश तीसरे स्थान पर रहे।
200 मीटर की दोनों दौड़ में सीकर के खिलाड़ियों ने मारी बाजी
प्रतियोगिता की 200 मीटर दौड़ में सीकर के खिलाड़ियों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। अंडर-17 वर्ग में सीकर के दीपेश ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि हनुमानगढ़ के योगेश को रजत और जयपुर प्रथम के साजन को कांस्य पदक मिला। अंडर-19 वर्ग में भी सीकर का दबदबा कायम रहा। इस वर्ग की दौड़ में सीकर के दर्शन निर्मल पहले स्थान पर रहे। जोधपुर के अंकित ने दूसरा और जयपुर प्रथम के सुरेंद्र ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पैदल चाल और त्रिकूद में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
अंडर-17 वर्ग की 5000 मीटर पैदल चाल स्पर्धा में चूरू के कुलदीप खालिया ने पहला स्थान प्राप्त किया। सीकर के तनुराज दूसरे और बीकानेर के सतपाल तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, अंडर-19 वर्ग की त्रिकूद स्पर्धा में सीकर के चिराग कुलहरी ने पहला स्थान हासिल किया। अजमेर के राहुल चौधरी दूसरे और खैरथल-तिजारा के मुनफैद खान तीसरे स्थान पर रहे।
लंबी कूद में सन्नी गुर्जर ने जीता स्वर्ण
अंडर-19 वर्ग की लंबी कूद स्पर्धा में क्रीड़ा परिषद जयपुर के सन्नी गुर्जर ने पहला स्थान हासिल किया। सीकर के चिराग कुलहरी दूसरे और राजगढ़ के लक्की धायल तीसरे स्थान पर रहे। चिराग कुलहरी ने त्रिकूद के साथ लंबी कूद में भी पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयोजन में इनकी रही भूमिका
प्रतियोगिता के संयुक्त संचालन सचिव एवं विद्यालय प्रधानाचार्य यशवीर सिंह फौजदार तथा उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) गंभीर सिंह ने बताया कि इस आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता के संचालन में अजय फौजदार, विजय सिंह, संदीप देशवाल, तेजवीर बाबा, मुकेश कुमार, निरंजन सिंह, जल सिंह और हीरेंद्र सिंह ने सहयोग किया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
चीन की दादागिरी पर भारत का कड़ा प्रहार: लद्दाख की 28 जगहों के नाम तय, बौखलाए ड्रैगन को दो टूक जवाब
