नयी दिल्ली
विराट कोहली (virat kohli) ने गुरुवार को ऐलान किया कि वह अब टी-20 फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि अक्टूबर-नवंबर में संयुक्त अरब अमीरात में टी-20 वर्ल्ड कप के बाद भारत के टी-20 टीम की कप्तानी से हट जाएंगे, लेकिन उन्होंने साफ किया कि वह टेस्ट और वनडे क्रिकेट में भारत का नेतृत्व करना जारी रखेंगे।
इंग्लैंड दौरे के बाद से ही उनको हटाए जाने की चर्चा थी, लेकिन शुरुआत में BCCI इससे इनकार करता रहा। कोहली ने गुरुवार को खुद ही एक खत ट्वीट कर ऐलान कर दिया कि वे टी-20 वर्ल्ड कप के बाद इस फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ देंगे। अब इस फॉर्मेट में रोहित शर्मा को कप्तान बनाया जा सकता है।
कोहली ने चिट्ठी में लिखा- सफर में साथ देने वाले हर इंसान का शुक्रिया
कोहली ने चिट्ठी में लिखा, ‘मैं बेहद सौभाग्यशाली रहा हूं कि मुझे न केवल भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला, बल्कि अपनी पूरी क्षमता के साथ इसकी कप्तानी करने का भी मौका मिला। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान के तौर पर मेरी यात्रा का साथ देने वाले हर एक इंसान को मैं शुक्रिया कहता हूं। टीम के लड़कों, सपोर्ट स्टाफ, सिलेक्शन कमेटी, कोच और हमारी जीत की प्रार्थना करने वाले हर भारतीय के बिना मैं ये नहीं कर सकता था।’
‘मुझे थोड़ा सा स्पेस चाहिए’
विराट ने कप्तानी छोड़ने की वजह भी बताई। लिखा, ‘मैं यह समझ रहा हूं कि वर्क लोड बेहद अहम होता है। मैं पिछले 8-9 साल से तीनों फॉर्मेट में खेल रहा हूं और 5-6 साल से लगातार कप्तानी भी कर रहा हूं। मैं महसूस कर रहा हूं कि टेस्ट और वनडे में टीम इंडिया की कप्तानी के लिए खुद को पूरी तरह से तैयार करने के लिए मुझे थोड़ा सा स्पेस चाहिए। टी-20 के कप्तान के तौर पर मैंने टीम को अपना सबकुछ दिया। आगे भी एक बल्लेबाज के तौर पर मैं टी-20 टीम में अपना योगदान जारी रखूंगा।’
शास्त्री और रोहित से की फैसले पर चर्चा
उन्होंने लिखा कि निश्चित तौर पर ऐसे फैसले पर आने में वक्त लगता है। टीम लीडरशिप के बेहद जरूरी हिस्से रवि भाई, रोहित और अपने करीबियों से लंबे विचार-विमर्श के बाद मैंने टी-20 वर्ल्ड कप के बाद इस फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। मैंने BCCI के अध्यक्ष सौरव गांगुली, सेक्रेटरी जय शाह और सभी सिलेक्टर्स से इस बारे में बात की है। कोहली ने लिखा कि मैं अपनी पूरी ताकत के साथ भारतीय क्रिकेट और भारतीय क्रिकेट टीम की सेवा करता रहूंगा।
45 टी-20 मैचों में कप्तान रहे कोहली
विराट कोहली ने अब तक 45 टी-20 मैचों में भारत की कप्तान की है। इस दौरान टीम को 25 मैचों में जीत और 14 में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, दो मुकाबले टाई पर खत्म हुए और इतने ही बेनतीजा रहे। विराट की कप्तानी में जीत का प्रतिशत 65.11 रहा है।
रोहित शर्मा ने अबतक 19 टी20 मैचों में भारत की कप्तानी की है। जिसमें से भारत को 15 मैचों में जीत और महज 4 में हार का सामना करना पड़ा है। रोहित की कप्तानी में जीत का प्रतिशत 78.94 रहा है।
क्या आपने ये खबरें भी पढ़ीं?
- भुसावर को जानने की अनोखी मुहिम का सम्मान | ऑनलाइन क्विज के विजेताओं का नौवां समारोह संपन्न
- RGHS की ‘पावरफुल मैडम’ पर जांच का शिकंजा | इंपैनलमेंट से रिकवरी माफी तक के फैसले जांच के घेरे में
- 5 सेकंड में उजड़ गया दोस्तों का सफर | बालाजी के दर्शन कर लौट रही SUV हवा में उछली, पलटते ही एक की मौत
- बस ऑपरेटरों ने फिर थामा मेघराज मुखिया का हाथ | लगातार तीसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए
- हाईवे पर ‘हफ्ता वसूली’ का खेल | ट्रैक्टर-ट्रॉली वालों से महीने की बंधी लेते ट्रैफिक इंचार्ज एसीबी के जाल में फंसा
- प्रेम, भक्ति और कला-संस्कृति की परम्पराओं से जोड़ता है उपन्यास ‘राग कसूमल’: प्रो आदित्य कुमार गुप्ता
- आमने-सामने की ऐसी टक्कर कि कार आग का गोला बन गई | ट्रक-ऑल्टो भिड़ंत में पति, पत्नी और बेटे सहित 4 की दर्दनाक मौत, रिंग रोड पर चीखों का मंजर
