HDFC बैंक 1 जनवरी 2027 से 500 रुपये तक के UPI ट्रांजेक्शन पर SMS अलर्ट बंद करेगा। जानिए नए नियम का ग्राहकों पर क्या असर होगा।
नई दिल्ली। आप दुकान पर 20 रुपये की चाय पीते हैं, सब्जी खरीदने के लिए 50 रुपये का भुगतान करते हैं या किसी को 100 रुपये ऑनलाइन भेजते हैं। अब तक HDFC बैंक हर छोटे-बड़े UPI ट्रांजेक्शन की सूचना आपके मोबाइल पर SMS के जरिए देता रहा है, लेकिन नए साल से यह व्यवस्था बदलने वाली है। अगर आपका भी HDFC बैंक में खाता है तो यह बदलाव आपके रोजमर्रा के डिजिटल भुगतानों से जुड़ा है।
बैंक ने अपने ग्राहकों को भेजे संदेश में बताया है कि 1 जनवरी 2027 से 500 रुपये तक के UPI ट्रांजेक्शन पर SMS अलर्ट मिलना बंद हो जाएगा। यानी छोटी रकम का भुगतान करने पर अब मोबाइल पर बैंक का मैसेज आने का इंतजार नहीं करना होगा। हालांकि, 500 रुपये से अधिक के UPI लेनदेन पर SMS अलर्ट पहले की तरह मिलते रहेंगे।
इस बदलाव का मतलब यह नहीं है कि बैंक लेनदेन की सूचना देना ही बंद कर देगा। HDFC बैंक ने स्पष्ट किया है कि सभी UPI ट्रांजेक्शन के लिए ई-मेल अलर्ट की सुविधा जारी रहेगी। यानी छोटी रकम हो या बड़ा भुगतान, लेनदेन की जानकारी ग्राहकों को ई-मेल के जरिए मिलती रहेगी।
ई-मेल अपडेट नहीं तो हो सकती है परेशानी
बैंक ने ग्राहकों को भेजे संदेश में अपना ई-मेल पता अपडेट रखने की सलाह भी दी है। इसके लिए संदेश के साथ लिंक साझा किया गया है, ताकि ग्राहकों को UPI भुगतान की सूचनाएं नियमित रूप से मिलती रहें।
दरअसल, आजकल चाय-नाश्ते से लेकर किराना, सब्जी और परिवहन तक के छोटे भुगतान भी UPI से किए जा रहे हैं। ऐसे में हर भुगतान का SMS देखने के आदी ग्राहकों को अब अपने लेनदेन पर नजर रखने के लिए ई-मेल, UPI ऐप और बैंक स्टेटमेंट का सहारा लेना होगा।
1 जनवरी से पहले कर लें यह काम
HDFC बैंक के इस बदलाव के बाद ग्राहकों के लिए अपना रजिस्टर्ड ई-मेल पता जांचना जरूरी हो गया है। खासकर वे लोग जो हर छोटे भुगतान का SMS देखकर अपने खर्चों का हिसाब रखते हैं, उन्हें नए नियम के लिए पहले से तैयार रहना होगा।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
