जयपुर के रामनगर में बंद मकान से मां सरोज, बेटी शिवांगी और बेटे लकी के शव मिले। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या और आत्महत्या का घटनाक्रम सामने आया।
जयपुर: जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र के रामनगर में शुक्रवार सुबह जो मंजर सामने आया, उसने पूरे इलाके को दहला दिया। बाहर से खामोश दिखने वाले इस मकान के अंदर एक ही कमरे में मां, बेटी और बेटे के शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान सरोज, उनकी बेटी शिवांगी और बेटे लकी के रूप में हुई है।
सुसाइड नोट और मोबाइल ने पलटा केस का रुख
शुरुआत में मामला सामूहिक आत्महत्या जैसा लग रहा था, लेकिन मौके से मिले सुसाइड नोट और लकी के मोबाइल में दर्ज जानकारियों ने तस्वीर साफ कर दी। पुलिस के मुताबिक, लकी ने पहले अपनी मां सरोज और बहन शिवांगी की हत्या की, और इसके बाद खुद भी फंदे से लटककर जान दे दी।
रोज़ के झगड़े और मानसिक तनाव बना वजह?
पुलिस की शुरुआती पड़ताल में सामने आया है कि मां सरोज और बेटी शिवांगी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि दोनों में से एक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिसके चलते घर का माहौल तनावपूर्ण रहता था। समझाइश की तमाम कोशिशों के बावजूद जब कलह नहीं थमी, तो इसी दबाव और तनाव से तंग आकर लकी ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
26 साल पुराना साया और मोबाइल में दर्ज बातें
जांच के दौरान पुलिस को लकी के फोन में सेहत से जुड़ी दिक्कतों और परिवार में बीमारी के इतिहास का जिक्र भी मिला है, हालांकि इसकी मेडिकल पुष्टि अभी बाकी है। हैरान करने वाली बात यह भी सामने आई है कि करीब 26 साल पहले लकी के पिता की मौत भी असामान्य हालात में हुई थी।
ऐसे खुला पूरा मामला
एडिशनल डीसीपी नॉर्थ बजरंग सिंह के अनुसार, शुक्रवार सुबह सरोज देवी के पिता दीप तिवारी ने घर पर फोन किया था, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने पड़ोसियों को घर जाकर देखने को कहा। पड़ोसी जब भीतर पहुंचे तो तीनों के शव देखकर सन्न रह गए। बताया जाता है कि यह परिवार ज्यादातर घर के भीतर ही रहता था और लकी ऑनलाइन काम करता था, जिससे उसका बाहर निकलना भी बेहद कम था।
सूचना मिलते ही भट्टा बस्ती थाना पुलिस और एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. रामेश्वर सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि हर पहलू को खंगाला जा रहा है और विस्तृत जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की अंतिम तस्वीर साफ हो सकेगी।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
