दौसा की दरगाह हज़रत शाह जमाल बाबा के 198वें उर्स में जायरीनों की भीड़ उमड़ी। चादरपोशी, कव्वाली, सामूहिक लंगर और मेले में रौनक, तीसरे दिन आज होंगे विशेष आयोजन।
दौसा (अजीमुद्दीन)। लालसोट रोड स्थित दरगाह हज़रत शाह जमाल बाबा के 198वें सालाना उर्स में अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ रही है। उर्स के दूसरे दिन गुरुवार को दरगाह परिसर में जायरीनों का तांता लगा रहा। मज़ार शरीफ़ पर मखमली चादर और अकीदत के फूल पेश कर देश में अमन-चैन, भाईचारे, खुशहाली और शांति के लिए दुआएं मांगी गईं। चादरपोशी, रोशनी, चरागां और आतिशबाजी के बीच पूरा दरगाह परिसर सूफियाना माहौल में सराबोर नजर आया।
उर्स के पहले दिन रात्रि में मीलाद शरीफ और फातिया ख्वानी का आयोजन हुआ। मीलाद शरीफ में पैगंबर मोहम्मद स.अ. की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि इंसान का फर्ज समाज में शांति कायम करना है। इस्लाम प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की सीख देता है। दरगाह की अहमियत बताते हुए कहा गया कि यहां हर व्यक्ति के विचारों को सुना जाता है और जायरीन अपनी मुरादें लेकर पहुंचते हैं। इसी क्रम में दरगाह हज़रत खड़बड़ शाह बाबा की दरगाह शरीफ में महफिले समाअ (कव्वाली) भी हुई।
कव्वाली ने बांधा समां, हजारों ने साथ बैठकर लिया लंगर
उर्स की महफिल में कव्वाल अय्यूब जयपुरी ने सूफियाना कव्वालियां पेश कर समां बांध दिया। महफिल की सरपरस्ती सूफी सलाउद्दीन मियां शाह ने की। उधर, दरगाह शरीफ में जायरीनों ने मखमली चादर और फूल पेश किए। दरगाह के खादिमों की ओर से जायरीनों को तबर्रुक के रूप में शीरीनी और मिठाइयां वितरित की गईं।
जायरीनों के लिए लंगर का भी माकूल इंतजाम किया गया। हजारों लोगों ने एक साथ पंक्तियों में बैठकर सामूहिक रूप से लंगर ग्रहण किया। उर्स के साथ लगे मेले में भी खूब रौनक रही। मेले में झूले, चकरी, खिलौनों और चाट-पकौड़ी की दुकानों पर लोगों की आवाजाही बनी रही।
तीसरे दिन आम लंगर और रात 9 बजे कव्वाली
उर्स के तीसरे दिन शुक्रवार को भी कई धार्मिक कार्यक्रम होंगे। दरगाह कमेटी के सदर शमीम अहमद ने बताया कि कमेटी की ओर से आम लंगर की व्यवस्था की जाएगी, जिसमें सर्व समाज के लोग शामिल होकर भोजन करेंगे। दोपहर 1 बजे जुमा की नमाज अदा की जाएगी, जबकि रात्रि 9 बजे महफिले समाअ (कव्वाली) की रस्म होगी।
उन्होंने बताया कि उर्स में बाहर से जायरीनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। उनके रहने, खाने और ठहरने की व्यवस्था दरगाह कमेटी की ओर से की गई है। दरगाह परिसर में दुकानें भी सजाई गई हैं। दरगाह के सज्जादानशीन सूफी सलाउद्दीन मियां ने बताया कि बाहर से आने वाले जायरीन एक-दूसरे के लिए दुआएं कर रहे हैं और अपनी मन्नतें मांग रहे हैं। उर्स में अकीदत और आपसी भाईचारे का माहौल बना हुआ है।
इस अवसर पर दरगाह के सज्जादानशीन व गद्दीनशीन सूफी सलाउद्दीन मियां, सूफी इनाम मियां, वस्सी मियां, दरगाह कमेटी के सचिव मोहम्मद सादिक, कैशियर जाकिर हुसैन, सदस्य सूफी मेराजुद्दीन उर्फ कालू भाई, नवाब खान, नसरू खान, सूफी अहसान अहमद, हाजी अनीस अहमद, मुंशी खान, इनायत हुसैन, इदरीस खान, सादिक खान, अनस खान और मिस्सी खान सहित दरगाह के खादिमों व महिला खिदमत गुजारों ने मिलकर मज़ार शरीफ पर मखमली चादर पेश की। चादरपोशी के साथ दरगाह शरीफ में आतिशबाजी, रोशनी और चरागां किया गया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
