राजस्थान की सियासत में भूचाल: 37 में से 24 जिला प्रमुखों पर कांग्रेस का कब्जा, खुद CM के गढ़ में भी ढहा कमल; भजनलाल की लीडरशिप पर सवाल

राजस्थान के 37 जिला परिषदों के चुनाव में कांग्रेस ने 24 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि भाजपा 10 पर सिमटी। भरतपुर में हार से सीएम भजनलाल शर्मा की लीडरशिप पर सवाल।

जयपुर। राजस्थान की ग्रामीण सियासत के सबसे बड़े संग्राम में आज ऐसा सियासी भूचाल आया है, जिसकी गूंज जयपुर से लेकर दिल्ली दरबार तक सुनाई दे रही है। प्रदेश की 37 जिला परिषदों में हुए जिला प्रमुख के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को करारी और चौंकाने वाली शिकस्त का सामना करना पड़ा है। कुल 37 सीटों में से कांग्रेस ने 24 जिला परिषदों पर अपना परचम लहराते हुए एकतरफा जीत दर्ज की है, जबकि सत्ताधारी भाजपा महज 10 सीटों पर सिमट कर रह गई है। वहीं, आदिवासी अंचल में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने 2 और नागौर में हनुमान बेनीवाल की RLP ने 1 सीट जीतकर अपनी ताकत का अहसास कराया है।

CM भजनलाल के घर में ही ‘सेंध’, लीडरशिप पर सीधा अटैक

इस चुनावी हार ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की नेतृत्व क्षमता और सियासी पकड़ पर सीधे सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा झटका खुद मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर से लगा है, जहां कांग्रेस की रेणु वाला (17 वोट) ने भाजपा की पूजा जाटव (14 वोट) को पटखनी देकर CM के गढ़ में ही कमल को मुरझा दिया।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि सत्ता में होने के बावजूद ग्रामीण मतदाताओं के बीच सरकार अपनी पकड़ क्यों खो बैठी? ब्यावर में तो पूर्ण बहुमत होने के बाद भी भाजपा अपनों की क्रॉस-वोटिंग के चलते कुर्सी गंवा बैठी, जहां कांग्रेस की ममता गुर्जर ने बाजी मार ली।

भाजपा खेमे में सुलगा असंतोष का धुआं, कांग्रेस में जश्न

इस करारी हार के बाद अब राजस्थान भाजपा के भीतर गुटबाजी और असंतोष का धुआं खुलकर उठने लगा है। पार्टी के अंदरूनी सूत्र दबी जुबान में कह रहे हैं कि टिकट वितरण से लेकर सरकार के कामकाज और कार्यकर्ताओं की अनदेखी का खामियाजा पार्टी को गांव की सरकार गंवाकर चुकाना पड़ा है।

दूसरी ओर, इस ऐतिहासिक जीत ने विधानसभा हार के बाद हाशिये पर दिख रही कांग्रेस में नई जान फूंक दी है। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और सचिन पायलट खेमे में जबरदस्त उत्साह है। पायलट ने तो इसे “भाजपा सरकार की उलटी गिनती की शुरुआत” करार दे दिया है। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, सीकर, अलवर, बाड़मेर और दौसा जैसे बड़े जिलों में कांग्रेस ने जिस तरह क्लीन स्वीप किया है, उससे साफ है कि प्रदेश की सियासी हवा करवट ले रही है।

डूंगरपुर में BAP और डीडवाना-कुचामन में BJP की किस्मत का फैसला लॉटरी की पर्ची से हुआ, जबकि चूरू में राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह ने बहुमत के विपरीत जाकर भाजपा को चमत्कारिक जीत दिलाई।

राजस्थान जिला प्रमुख चुनाव 2026: सभी 37 जिलों की पूरी लिस्ट

(नोट: कोटा, बारां, श्रीगंगानगर और करौली के 4 जिलों में कार्यकाल पूरा न होने के कारण चुनाव दिसंबर 2026 में होंगे।)

क्र.सं.जिला परिषदविजयी जिला प्रमुखविजयी पार्टी
1जयपुरयशवीर सूराकांग्रेस
2जोधपुरप्रमिला चौधरीकांग्रेस
3भरतपुररेणु वालाकांग्रेस
4अलवरअनिता मीणाकांग्रेस
5सीकरसुनीता गठालाकांग्रेस
6बीकानेरनिकिता डूडीकांग्रेस
7दौसाबीना बैरवा (निर्विरोध)कांग्रेस
8जैसलमेरसंतोष कुमारी (निर्विरोध)कांग्रेस
9सवाई माधोपुरआशा देवी (निर्विरोध)कांग्रेस
10ब्यावरममता गुर्जरकांग्रेस
11बाड़मेरगफूर अहमदकांग्रेस
12भीलवाड़ाकैलाश चंद मीणाकांग्रेस
13बूंदीहंसा गुर्जरकांग्रेस
14चित्तौड़गढ़रतनी देवीकांग्रेस
15धौलपुरअनीशा सिंहकांग्रेस
16हनुमानगढ़रेणू जांगूकांग्रेस
17जालोरआसूराम देवासीकांग्रेस
18झुंझुनूंकोमल भंवरियाकांग्रेस
19कोटपूतली-बहरोड़रामनिवासकांग्रेस
20फलोदीयशवंत कंवरकांग्रेस
21राजसमंदसुंदर देवी कीरकांग्रेस
22सलूंबरपुष्पा देवीकांग्रेस
23सिरोहीगुमान सिंहकांग्रेस
24टोंकअलका बैरवाकांग्रेस
25उदयपुरहिम्मत सिंह झालाभाजपा (BJP)
26अजमेरपूजा भंसालीभाजपा (BJP)
27झालावाड़वर्षा झालाभाजपा (BJP)
28पालीसीताभाजपा (BJP)
29चूरूकनिका सिंहभाजपा (BJP)
30बालोतरासुशीलाभाजपा (BJP)
31डीगरेनू सिंहभाजपा (BJP)
32खैरथल-तिजाराइंद्रजीत यादवभाजपा (BJP)
33प्रतापगढ़हकरी कुमारीभाजपा (BJP)
34डीडवाना-कुचामनबुद्धाराम (लॉटरी से जीत)भाजपा (BJP)
35बांसवाड़ारीना रावतभारत आदिवासी पार्टी (BAP)
36डूंगरपुरअनुतोष (लॉटरी से जीत)भारत आदिवासी पार्टी (BAP)
37नागौरपांचारामराष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP)

कांग्रेस को मिला 2028 से पहले बड़ा राजनीतिक हथियार

कांग्रेस के लिए ये नतीजे सिर्फ जिला परिषदों की सत्ता तक सीमित नहीं हैं। पार्टी को अब ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने का अवसर मिला है। 37 में से 24 जिला प्रमुख उसके होने से उसे प्रदेशव्यापी राजनीतिक संदेश देने का मौका मिला है।

प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व इन परिणामों को भाजपा सरकार के खिलाफ जनमत के संकेत के रूप में पेश कर सकता है। खासकर मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में कांग्रेस की जीत और जयपुर, जोधपुर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में पार्टी का प्रदर्शन उसके आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला है।

हालांकि, इन चुनावों को सीधे 2028 के विधानसभा चुनाव का परिणाम मानना जल्दबाजी होगी। लेकिन भाजपा के लिए यह नतीजा निश्चित रूप से चेतावनी है कि विधानसभा की सत्ता अपने आप ग्रामीण राजनीति में संगठन की मजबूती की गारंटी नहीं बनती।

आत्ममंथन के लिए मजबूर हुई भाजपा, दिल्ली ने तलब किए प्रदेश के नेता 

राजस्थान की राजनीति में आज के नतीजों ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—क्या भाजपा सरकार और संगठन के बीच कहीं तालमेल की कमी है? क्या स्थानीय स्तर पर नेताओं और कार्यकर्ताओं की नाराजगी अब चुनावी नतीजों में दिखाई देने लगी है? और क्या कांग्रेस इस मौके को अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस पाने के लिए इस्तेमाल कर पाएगी?

जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों को केवल कांग्रेस की जीत और भाजपा की हार के रूप में देखना पर्याप्त नहीं होगा। इनके पीछे कई ऐसे राजनीतिक संकेत हैं, जो भाजपा के लिए चिंता का विषय बन सकते हैं।

फिलहाल इतना तय है कि 37 जिला परिषदों के नतीजों ने भाजपा को आत्ममंथन के लिए मजबूर कर दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सामने अब केवल सरकार चलाने की नहीं, बल्कि संगठन और ग्रामीण राजनीति में पार्टी की पकड़ मजबूत बनाए रखने की भी चुनौती है।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

जिला परिषद पर कब्जे की सियासत, कांग्रेस नेताओं के प्रतिष्ठानों पर पहुंचीं सरकारी टीमें, बयाना के रीको में दो दिन से डेरा

RJS भर्ती में देरी से हजारों युवाओं की बढ़ी धड़कनें, 31 मार्च की डेडलाइन से पहले विज्ञापन निकालने की चुनौती, हाईकोर्ट में फिर अटकी फाइल

बैंक खाते में फ्रॉड का डर हुआ तो बस एक स्विच दबाते ही सबकुछ रुक जाएगा, RBI ला रहा है नया फीचर, जानिए कैसे करेगा काम

एफआईआर दर्ज है तो क्या सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी? राजस्थान हाईकोर्ट ने उठाए 4 बड़े सवाल, अब बड़ी पीठ करेगी फैसला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *