आतिशबाजी के एक धमाके ने कभी उनके बचपन की राह रोक दी थी, लेकिन मां-पिता के भरोसे और अपने हौसले से रुद्रांश ने उसी जिंदगी को ऐसी उड़ान दी कि आज पूरा भरतपुर उन पर गर्व कर रहा है। पढ़िए रुद्रांश की कहानी कि कैसे एक हादसे ने जिंदगी की राह बदली।
भरतपुर। कभी शादी समारोह में हुई आतिशबाजी ने आठ साल के मासूम रुद्रांश की जिंदगी से खुशियां छीन ली थीं। एक विस्फोट में उन्हें अपना एक पैर गंवाना पड़ा। करीब तीन साल तक इलाज, दर्द और शारीरिक चुनौतियों से जूझना पड़ा। दूसरे बच्चों को मैदान में खेलते देखकर उनके मन में भी खेलने की इच्छा जागती थी। वह मां से एक ही सवाल पूछते थे- ‘मम्मी, क्या मैं भी खेल पाऊंगा?’
मां विनीता खण्डेलवाल हर बार बेटे को भरोसा दिलातीं कि वह भी दूसरे बच्चों की तरह खेलेगा। पिता आशुतोष खण्डेलवाल ने भी मुश्किल दौर में बेटे का हौसला टूटने नहीं दिया। उस वक्त शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि जिस बच्चे के लिए दोबारा सामान्य जिंदगी शुरू करना भी चुनौती था, वही एक दिन दुनिया के बड़े खेल मंचों पर भारत का नाम रोशन करेगा।
आज वही रुद्रांश खण्डेलवाल पैरा शूटिंग में अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुके हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हाल ही में राष्ट्रपति भवन में उन्हें देश के प्रतिष्ठित अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया। यह सिर्फ एक खिलाड़ी की उपलब्धि नहीं, बल्कि उस परिवार के संघर्ष, विश्वास और जज्बे की भी जीत है, जिसने कभी परिस्थितियों के सामने घुटने नहीं टेके।
शादी की आतिशबाजी ने बदल दी जिंदगी, तीन साल तक चला संघर्ष
रुद्रांश की जिंदगी में वह काला दिन तब आया, जब वह अपनी कजिन सिस्टर की शादी में शामिल होने गए थे। समारोह में आतिशबाजी के दौरान हुए विस्फोट की चपेट में आने से उनके पैर में गंभीर चोट आई। आखिरकार उन्हें अपना एक पैर गंवाना पड़ा। आठ साल की उम्र में इस हादसे ने उनके सामने ऐसी चुनौती खड़ी कर दी, जिसका सामना करना किसी भी बच्चे के लिए आसान नहीं था। इलाज और स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौटने में करीब तीन साल लग गए। शारीरिक तकलीफों के साथ मानसिक संघर्ष भी जारी रहा। लेकिन परिवार ने इस हादसे को रुद्रांश की जिंदगी का आखिरी पड़ाव नहीं बनने दिया।
मां के भरोसे और पिता के हौसले ने दिखाई नई राह
रुद्रांश जब दूसरे बच्चों को दौड़ते और खेलते देखते तो खुद भी मैदान में उतरने का मन करता। मां विनीता खण्डेलवाल बताती हैं कि वह अक्सर पूछते थे कि क्या वह भी दूसरे बच्चों की तरह खेल पाएंगे। मां उन्हें समझाती थीं कि वह जरूर खेलेंगे और स्कूल भी जाएंगे। पिता आशुतोष खण्डेलवाल भी बेटे को भरोसा दिलाते रहे कि वह फिर से अपने पैरों पर खड़ा होगा। परिवार ने उनके लिए कृत्रिम पैर तैयार करवाया, ताकि वह अपनी दिनचर्या के साथ खेल गतिविधियों की ओर भी लौट सकें। यही वह दौर था, जब रुद्रांश के भीतर हार न मानने का जज्बा लगातार मजबूत होता गया।
लोहागढ़ स्टेडियम में दिखी शूटिंग की दुनिया
रुद्रांश के खेल करियर की शुरुआत भरतपुर के लोहागढ़ स्टेडियम से हुई। उनकी मां विनीता एक बार बीएड कॉलेज की छात्राओं को स्पोर्ट्स प्रभारी के रूप में स्टेडियम लेकर गई थीं। वहां उन्होंने पहली बार एयर पिस्टल शूटिंग देखी। इस खेल ने उन्हें आकर्षित किया और उन्होंने बेटे के लिए कोच से बात की। कोच ने बताया कि रुद्रांश भी शूटिंग कर सकते हैं। बस फिर क्या था, यहीं से रुद्रांश ने एयर पिस्टल शूटिंग का अभ्यास शुरू कर दिया। शुरुआत में कई कठिनाइयां आईं, लेकिन नियमित अभ्यास और शारीरिक व्यायाम ने धीरे-धीरे उनके प्रदर्शन को निखारना शुरू कर दिया। रुद्रांश प्रतिदिन करीब दो घंटे अलग-अलग तरह की एक्सरसाइज करते हैं। लगातार मेहनत के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी जगह बनाई।
25 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय पदक, चार विश्व रिकॉर्ड भी
रुद्रांश की मेहनत का परिणाम उनकी उपलब्धियों में साफ दिखाई देता है। वह अब तक 25 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुके हैं। उनके नाम चार विश्व रिकॉर्ड भी दर्ज हैं। वर्ष 2023 में वह 50 मीटर शूटिंग स्पर्धा में विश्व के नंबर वन खिलाड़ी रहे।
एशियन पैरा गेम्स-2023 में उन्होंने दो रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा लीमा विश्व शूटिंग चैंपियनशिप में भी दो रजत पदक हासिल किए।
उनकी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां इस प्रकार हैं-
एशियन पैरा गेम्स-2023: दो रजत पदक।
लीमा विश्व शूटिंग चैंपियनशिप: दो रजत पदक।
ओसिजेक विश्व कप-2023: दो स्वर्ण पदक।
नई दिल्ली विश्व कप-2024: दो स्वर्ण पदक।
चांगवोन विश्व कप-2025: दो स्वर्ण पदक।
अर्जुन अवॉर्ड के लिए उनके चयन का आधार बने 10 पदकों में छह स्वर्ण और चार रजत पदक शामिल हैं। एशियन पैरा गेम्स में दो रजत पदक जीतने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी उन्हें बधाई दी थी। पेरिस पैरालंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना भी उनके करियर की बड़ी उपलब्धि रही।
राष्ट्रपति के हाथों सम्मान, माता-पिता की आंखों में छलके आंसू
राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जब रुद्रांश खण्डेलवाल को अर्जुन अवॉर्ड प्रदान किया तो वहां मौजूद उनके पिता आशुतोष खण्डेलवाल और मां विनीता खण्डेलवाल की आंखें खुशी से छलक उठीं। जिस बेटे को कभी दोबारा चलने और खेलने का भरोसा दिलाना पड़ता था, आज उसी बेटे को देश के सर्वोच्च खेल सम्मानों में शामिल अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा जा रहा था। यह पल माता-पिता के वर्षों के संघर्ष और त्याग का सबसे बड़ा प्रतिफल बन गया। अर्जुन अवॉर्ड के रूप में रुद्रांश को 15 लाख रुपये, अर्जुन की कांस्य प्रतिमा, प्रशस्ति पत्र और औपचारिक पोशाक प्रदान की गई। इस बार राजस्थान से अर्जुन अवॉर्ड पाने वाले रुद्रांश एकमात्र खिलाड़ी हैं। वहीं, यह सम्मान हासिल करने वाले वह भरतपुर संभाग के पहले खिलाड़ी बने हैं।
आतिशबाजी के एक धमाके ने कभी उनके बचपन की राह रोक दी थी, लेकिन मां-पिता के भरोसे और अपने हौसले से रुद्रांश ने उसी जिंदगी को ऐसी उड़ान दी कि आज पूरा भरतपुर उन पर गर्व कर रहा है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
