राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने दिल्ली में RSS के शताब्दी समारोह में महर्षि अरविंद, डॉ. हेडगेवार, चरित्र निर्माण और मैकाले की शिक्षा नीति पर विचार रखे।
नई दिल्ली। भारत की आजादी के बाद देश को संभालने, राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने और भारतीय मूल्यों की रक्षा करने के लिए किस तरह के संगठन की जरूरत महसूस की गई थी? राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना से जुड़ा एक ऐतिहासिक प्रसंग साझा करते हुए इस सवाल का जवाब दिया। उन्होंने महर्षि अरविंद और डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का जिक्र करते हुए बताया कि राष्ट्र निर्माण की इसी सोच के साथ वर्ष 1925 में संघ की स्थापना हुई थी।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे दिल्ली के कांस्टीट्यूशनल क्लब में संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित पुस्तक ‘जम्मू-कश्मीर चुनौतियां और संघ’ के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री कार्यालय में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी अपने विचार रखे।
‘सिर्फ आजादी काफी नहीं, राष्ट्रप्रेम जगाने वाले लोग भी जरूरी थे’
राज्यपाल बागडे ने वर्ष 1920 के कांग्रेस सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय डॉ. हेडगेवार भी सम्मेलन में शामिल हुए थे। उन्होंने महर्षि अरविंद से जुड़े प्रसंग का जिक्र किया, जिन्हें कांग्रेस का अध्यक्ष बनने के लिए आग्रह किया गया था। राज्यपाल के अनुसार, महर्षि अरविंद का मानना था कि भारत को स्वतंत्रता तो जल्द मिलने वाली है, लेकिन आजादी के बाद देश को संभालने और लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने वाले ऐसे व्यक्तियों की जरूरत होगी, जो तन-मन और विचारों से भारतभूमि के लिए समर्पित होकर काम करें, ताकि देश दोबारा गुलामी की राह पर न बढ़े। बागडे ने इसी विचार को डॉ. हेडगेवार द्वारा वर्ष 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की पृष्ठभूमि से जोड़ा।
‘चरित्र निर्माण के बिना समृद्ध भारत की कल्पना अधूरी’
राज्यपाल ने कहा कि देश को फिर से समृद्ध और संपन्न बनाने के लिए गांव-गांव में चरित्र निर्माण का काम जरूरी है। जीवन में सहनशीलता और नैतिकता जैसे गुणों को अपनाना होगा। उन्होंने वेद, उपनिषद, रामायण और महाभारत का उल्लेख करते हुए कहा कि ये ग्रंथ पूरी दुनिया को नैतिकता, धैर्य और मर्यादा की शिक्षा देते हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को भारतीय संस्कृति, देश के धर्म और ऋषि-मुनियों के त्याग का बोध नहीं है, वे भारत को सही मायने में समझ ही नहीं सकते। देश का गौरव विश्व में बढ़ाने के लिए सभी को काम करना चाहिए।
100 साल बाद भी लगातार आगे बढ़ रहा संघ
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सौ साल की यात्रा का उल्लेख करते हुए बागडे ने कहा कि भारतीय संस्कृति, देशभक्ति और नैतिक मूल्यों में विश्वास रखने वाला संघ ऐसा संगठन है, जो एक शताब्दी पूरी करने के बाद भी निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश में स्वयंसेवकों की कभी कमी नहीं रही और हर साल राष्ट्र के लिए काम करने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है।
राज्यपाल ने संघ के प्रचारकों के समर्पण और संघर्ष की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने अनेक कठिनाइयां सहकर भी जीवनभर राष्ट्र और समाज की सेवा की। उनके अनुसार, प्रचारकों ने आजीवन जो कष्ट उठाए, उसी का परिणाम आज समृद्ध भारत के रूप में दिखाई दे रहा है।
मैकाले की शिक्षा नीति पर भी उठाए सवाल
अपने संबोधन में राज्यपाल ने अंग्रेजी शासन के दौर और भारत की पुरानी समृद्धि का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आजादी से पहले भारत एक समृद्ध और संपन्न राष्ट्र था। लॉर्ड मैकाले ने भी भारत के नैतिकता और आदर्श मूल्यों को स्वीकार किया था। बागडे के अनुसार, मैकाले का मानना था कि भारतीयों को लंबे समय तक गुलाम बनाए रखना है तो उनकी शिक्षा पद्धति बदलकर उन्हें अपने मूल्यों से दूर करना होगा।
राज्यपाल ने कहा कि अंग्रेजी शिक्षा पद्धति के कारण नई पीढ़ी देश के वास्तविक इतिहास से दूर होती गई। अंग्रेजों ने भारत के उद्योग-धंधों को बंद कर देशवासियों के सामने भुखमरी जैसी परिस्थितियां पैदा कर दी थीं।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
