भरतपुर में पहली बार 71वीं राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन होगा। 23 से 27 नवंबर तक 200 खिलाड़ी 13 इवेंट में हिस्सा लेंगे। शुभंकर और थीम म्यूजिक लॉन्च।
भरतपुर (संजीव चीनिया)। टेबल टेनिस के मैदान में अब भरतपुर की मेजबानी में प्रदेशभर के खिलाड़ियों का दमखम देखने को मिलेगा। 71वीं राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026 के आयोजन को लेकर गुरुवार को होटल धनराज पैलेस में शुभंकर का अनावरण किया गया। इसी अवसर पर प्रतियोगिता का आधिकारिक थीम म्यूजिक भी लॉन्च किया गया। भरतपुर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित होने जा रही है।
भरतपुर जिला टेबल टेनिस संघ की ओर से राजस्थान टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 200 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, टीम मैनेजर, तकनीकी अधिकारी और निर्णायक हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता 23 से 27 नवंबर तक लोहागढ़ स्टेडियम, भरतपुर में होगी। इसमें अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के साथ पुरुष एवं महिला वर्ग में मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता में कुल 13 इवेंट खेले जाएंगे।
समारोह में मुख्य अतिथि नगर निगम भरतपुर के आयुक्त श्रवण कुमार विश्नोई का जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र सारस्वत ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। राजेश चौधरी ने शॉल ओढ़ाकर तथा बन्नो एंथनी ने सम्मान स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया। रवि चौधरी ने भी पटका पहनाकर सम्मान किया। इस अवसर पर राजेन्द्र सारस्वत ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने आयोजन में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
खिलाड़ियों के उत्साह और संघर्ष को संगीत में पिरोया
प्रतियोगिता का थीम म्यूजिक भी समारोह का खास आकर्षण रहा। इसे खिलाड़ियों के उत्साह, जुनून, संघर्ष, आत्मविश्वास और खेल भावना को अभिव्यक्त करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इस संगीत को तैयार करने में होली मदर स्कूल ऑल म्यूजिक के विद्यार्थियों तथा एफसी फिल्म फेस्टिवल में निगेल स्टकी द्वारा प्रदर्शित लघु फिल्म ‘चैरिल’ के संगीत कंपोजर एल्विन जेम्स ने योगदान दिया है। आयोजकों का प्रयास है कि यह थीम म्यूजिक खेल मैदान से निकलकर भरतपुर के नागरिकों और प्रदेशभर के खेल प्रेमियों तक पहुंचे।
संघ के सचिव बन्नो एंथनी ने प्रेस वार्ता में बताया कि भरतपुर में पहली बार राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता इतने बड़े स्तर पर आयोजित की जा रही है। खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए आवास, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों के साथ दर्शकों के लिए भी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे।
आयोजकों ने आयोजन में सहयोग के लिए जिला प्रशासन, जिला कलेक्टर, राजस्थान टेबल टेनिस संघ, जिला टेबल टेनिस संघ, स्थानीय संस्थाओं, प्रायोजकों और खेल प्रेमियों का आभार जताया। उन्होंने विशेष रूप से जिला प्रशासन एवं जिला कलेक्टर का धन्यवाद किया, जिनके सहयोग से आयोजन के लिए आवश्यक सुविधाएं और स्थान उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों से प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की गई, ताकि भरतपुर के अधिक से अधिक नागरिक इस आयोजन से जुड़ सकें और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़े। समारोह के अंत में मीडिया प्रभारी राजेन्द्र कुंतल ने सभी का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता भरतपुर के लिए गौरव, खेल भावना और सामूहिक सहभागिता का उत्सव बनेगी।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
