कोटा समाचार, राजकीय कला कन्या महाविद्यालय, NCC कैडेट्स, राष्ट्रीय एकता दिवस, डॉ. पारुल सिंह, डॉ. सीमा चौहान, डॉ. पंकज गुप्ता, सरदार वल्लभभाई पटेल
कोटा। स्वच्छता के लिए श्रमदान, राष्ट्रीय एकता का संदेश देती रैली और रंगोली-पोस्टर के जरिए देश की एकजुटता का संकल्प। राजकीय कला कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस पर NCC आर्मी विंग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन में महाविद्यालय की 137 NCC कैडेट्स ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान से हुई। इसके बाद राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर रैली निकाली गई। महाविद्यालय परिसर में रंगोली निर्माण, पोस्टर मेकिंग और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इन गतिविधियों में कैडेट्स ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सरदार पटेल के विचारों से जुड़ने का अवसर
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा चौहान ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में वर्ष 2014 से राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जा रहा है। युवाओं के लिए इस दिवस का विशेष महत्व है, क्योंकि सरदार पटेल समाज में एकता और सद्भाव के प्रतीक रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस मनाने के माध्यम से सरदार पटेल के योगदान और उनके विचारों को जीवंत बनाए रखा जाता है।
NCC की गतिविधियों का किया निरीक्षण
महाविद्यालय की NCC अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. पारुल सिंह ने बताया कि कैडेट्स ने सभी गतिविधियों में पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया। इस दौरान आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, जयपुर से महाविद्यालय के निरीक्षण के लिए आए डॉ. पंकज गुप्ता ने भी NCC की विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कैडेट्स को राष्ट्रीय एकता और अनुशासन की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
137 कैडेट्स ने ली एकता की शपथ
कार्यक्रम के समापन पर सभी 137 NCC कैडेट्स ने देश में शांति, सद्भाव और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। आयोजन के माध्यम से छात्राओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
