यूक्रेन में भरतपुर के कारोबारी की दवा फैक्ट्री पर रूसी ड्रोन ने बरपाया कहर, मुख्य इमारत तबाह; 52 साल के कर्मचारी की मौत | देखें वीडियो

भरतपुर निवासी कारोबारी राजीव गुप्ता की यूक्रेन के सूमी स्थित दवा फैक्ट्री पर रूसी ड्रोन हमला हुआ। एक कर्मचारी की मौत और ₹400 करोड़ से ज्यादा के नुकसान का प्रारंभिक अनुमान है।

भरतपुर। साल 1994 में भारत से यूक्रेन तक दवाएं पहुंचाने के कारोबार से शुरू हुआ एक सफर अब युद्ध की मार झेल रहा है। भरतपुर निवासी कारोबारी राजीव गुप्ता की यूक्रेन के सूमी शहर में स्थित दवा निर्माण फैक्ट्री पर रूस के भीषण ड्रोन हमले ने भारी तबाही मचा दी। हमले में फैक्ट्री की मुख्य इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है और प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक ₹400 करोड़ (5 करोड़ डॉलर) से अधिक का नुकसान हुआ है।

इस हमले में फैक्ट्री के 52 वर्षीय एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हमले की कड़ी निंदा की और मृतक कर्मचारी के परिवार के प्रति संवेदना जताई।

पहले दवाओं का कारोबार, फिर सूमी में अपनी फैक्ट्री

राजीव गुप्ता 1990 के दशक में यूक्रेन पहुंचे थे। वर्ष 1994 में उन्होंने भारत से यूक्रेन दवाएं भेजने वाली डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी के तौर पर कारोबार शुरू किया। कारोबार आगे बढ़ा तो वर्ष 2009 में सूमी में दवा निर्माण का प्लांट स्थापित किया गया।

कुसुम ग्रुप ने वर्ष 2002 में दूसरी कंपनियों के उत्पाद बेचने का काम बंद कर अपने खुद के ब्रांड बाजार में उतारना शुरू किया था। वर्तमान में समूह का संचालन भारतीय नागरिक राजीव गुप्ता कर रहे हैं।

युद्ध आया, लेकिन दवाओं का उत्पादन नहीं रुका

रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद भी सूमी का यह प्लांट जीवनरक्षक दवाओं का उत्पादन करता रहा। यानी युद्ध के बीच भी फैक्ट्री में दवाओं का काम जारी था। लेकिन ड्रोन हमले के बाद यहां का मुख्य काम पूरी तरह रुक गया है।

हमले को लेकर दिल्ली स्थित यूक्रेनी दूतावास ने भी गहरा दुख जताया है। दूतावास ने रूस की आलोचना करते हुए कहा कि जिस फैक्ट्री को निशाना बनाया गया, वह कोई सैन्य ठिकाना नहीं थी, बल्कि आम नागरिकों के लिए जरूरी दवाएं तैयार करती थी।

एक तरफ हमले में जान गई और कई लोग घायल हुए, तो दूसरी तरफ फैक्ट्री की मुख्य इमारत को भारी नुकसान पहुंचने से उसका कामकाज भी थम गया। ऐसे में भरतपुर से शुरू हुआ राजीव गुप्ता का यूक्रेन में दवा कारोबार अब युद्ध के एक और बड़े झटके से गुजर रहा है।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

मैदान अधूरा, सुविधाएं सीमित और उम्मीदें पदक की… ऐसे कैसे तैयार होंगे राजस्थान के चैंपियन?

राजस्थान पुलिस बेड़े में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 14 IPS अधिकारियों के तबादले, जयपुर कमिश्नरेट से जिलों तक बदले कप्तान

पाकिस्तान को पटखनी, भारत ने फिर जीता एशियन गेम्स का गोल्ड; फाइनल में बल्ले से बरसा रन, गेंदबाजों ने किया काम तमाम

गांवों की सरकार के लिए बिगुल बजा, 4 चरणों में होगा रण; जानिए कब किस चरण में पड़ेगा वोट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *