भरतपुर के जरीला रुदावल में विप्र महासभा की बैठक हुई। दहेज हत्या, दहेज उत्पीड़न और समाज की बहन-बेटियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
भरतपुर। विप्र महासभा के विस्तार और समाज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा को लेकर आज जरीला रुदावल, भरतपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन विप्र महासभा के जिला अध्यक्ष पंडित बाबूलाल कटारा के निज निवास पर हुआ। इस दौरान नवदायित्व संभालने वाली पदाधिकारियों का स्वागत-सम्मान किया गया और समाज में व्याप्त कुरीतियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मीनू शर्मा, जिला महामंत्री ज्योति शर्मा और जिला उपाध्यक्ष कान्हा शर्मा (कुम्हेर, जिला डीग) का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
दहेज हत्या और उत्पीड़न का मुद्दा उठा
बैठक में समाज की बहन-बेटियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के दौरान पंडित बाबूलाल कटारा ने दहेज हत्या और दहेज उत्पीड़न जैसी कुरीतियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि समाज की बहन-बेटियों को गलत दिशा में जाने से रोकने और उनके सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए सामाजिक स्तर पर प्रयास किए जाने की जरूरत है। उन्होंने इन विषयों को लेकर महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मीनू शर्मा के सामने अपने विचार रखे और महिलाओं के सम्मान तथा सुरक्षा के लिए प्रभावी पहल की आवश्यकता बताई।
मीनू शर्मा ने दिलाया भरोसा
इस पर महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मीनू शर्मा ने कहा कि समाज की बहन-बेटियों के साथ किसी भी तरह का अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों के सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे तथा उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ाने के लिए सामाजिक स्तर पर काम किया जाएगा।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने मीनू शर्मा के प्रति विश्वास जताते हुए कहा कि समाज को उम्मीद है कि वह बहन-बेटियों के साथ होने वाले अत्याचार के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएंगी। इस दौरान उन्हें महिला शक्ति के रूप में सम्मानित करते हुए उनके सामाजिक प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
कई सामाजिक मुद्दों पर हुई चर्चा
बैठक में विप्र समाज के विस्तार के साथ-साथ समाज से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने सामाजिक एकजुटता मजबूत करने और समाज की महिलाओं एवं बेटियों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ उठाने पर विचार रखा। इस मौके पर विप्र महासभा संभाग अध्यक्ष नरेश कुंभज, जिला अध्यक्ष पंडित बाबूलाल कटारा जरीला, जिला उपाध्यक्ष शंभू पाराशर, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र पाराशर, ब्रह्मवाद के बनवारी लाल शर्मा सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक में पदाधिकारियों ने विप्र महासभा के संगठनात्मक विस्तार के साथ समाजहित के मुद्दों पर मिलकर काम करने की बात कही।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
गांवों की सरकार के लिए बिगुल बजा, 4 चरणों में होगा रण; जानिए कब किस चरण में पड़ेगा वोट
