वैर नगरपालिका के 25 वार्डों में 20 निर्दलीयों की जीत के बाद अध्यक्ष पद का मुकाबला भाजपा की ललितेश धाकड़ और कांग्रेस की इन्दिरा सैनी के बीच सिमट गया है।
वैर। वैर नगरपालिका चुनाव के नतीजों ने जहां राजनीतिक दलों को चौंकाया है, वहीं अध्यक्ष पद का मुकाबला अब बेहद दिलचस्प हो गया है। 25 वार्डों वाली नगरपालिका में 20 वार्ड निर्दलीयों के खाते में गए, जबकि भाजपा के तीन और कांग्रेस के सिर्फ दो प्रत्याशी जीत सके। लेकिन अध्यक्ष पद की तस्वीर अब इन आंकड़ों से अलग नजर आ रही है। नामांकन वापसी के बाद अध्यक्ष की कुर्सी के लिए मुकाबला भाजपा की ललितेश धाकड़ और कांग्रेस की इन्दिरा सैनी के बीच सिमट गया है।
वैर नगरपालिका अध्यक्ष पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। यही वजह रही कि इस बार पार्षद चुनाव में भी महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। 25 वार्डों में से 18 पर महिला प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि पुरुष प्रत्याशी सिर्फ 7 वार्डों में विजयी रहे।
चार नामांकन, अब सिर्फ दो चेहरे
अध्यक्ष पद के लिए चार महिला प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। शुक्रवार को नाम वापसी के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी गीता सिंह पत्नी संजय धाकड़ और नेहा सैनी पुत्रवधु बच्चू सैनी ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इसके बाद अध्यक्ष पद की चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। अब वार्ड संख्या 3 से भाजपा के टिकट पर जीती ललितेश धाकड़ पत्नी पूरन चंद और वार्ड संख्या 4 से कांग्रेस के टिकट पर जीती इन्दिरा सैनी के बीच सीधा मुकाबला होगा। दोनों प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए गए हैं। ललितेश धाकड़ को कमल और इन्दिरा सैनी को हाथ का पंजा चुनाव चिन्ह मिला है।
20 निर्दलीयों की जीत ने बढ़ाई थी हलचल
वैर नगरपालिका के 25 वार्डों के परिणाम में सबसे बड़ा संदेश निर्दलीयों की ताकत के रूप में सामने आया। भाजपा और कांग्रेस जैसे प्रमुख राजनीतिक दलों के मुकाबले निर्दलीय प्रत्याशियों ने बड़ी संख्या में जीत दर्ज की। 20 वार्डों में निर्दलीयों की जीत ने अध्यक्ष चुनाव के समीकरणों को भी दिलचस्प बना दिया है।
अब अध्यक्ष पद के लिए भाजपा और कांग्रेस की दोनों महिला प्रत्याशियों के सामने चुनौती सिर्फ अपने दल के पार्षदों तक सीमित नहीं रहेगी। अध्यक्ष का चुनाव नगरपालिका के निर्वाचित पार्षदों के मतदान से होगा, ऐसे में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका पर भी नजर रहेगी।
21 सितंबर को होगा फैसला
वैर नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
अब वैर की सियासत में सबसे बड़ा सवाल यही है कि 20 निर्दलीय पार्षदों वाले नगर पालिका बोर्ड में अध्यक्ष की कुर्सी भाजपा के खाते में जाएगी या कांग्रेस अपना चेहरा बैठाने में कामयाब होगी? फैसला 21 सितंबर को मतदान के बाद सामने आएगा।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
