भुसावर पंचायत समिति में ACB ने सहायक अभियंता गोविंद प्रसाद को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। MB और कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
भरतपुर/भुसावर। पंचायत समिति में किसी काम की फाइल आगे बढ़ाने के लिए जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाने थे, लेकिन मामला कथित तौर पर उस जगह अटक गया जहां से काम की औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़नी थी। शिकायत ACB तक पहुंची और सत्यापन के बाद सोमवार को भुसावर पंचायत समिति में ऐसा जाल बिछाया गया कि सहायक अभियंता गोविंद प्रसाद 30 हजार रुपये लेते हुए ACB के हत्थे चढ़ गए।
मामला एक संवेदक के काम से जुड़ा है। आरोप है कि माप पुस्तिका (MB) और कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र पर सत्यापन कर हस्ताक्षर करने के बदले 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
पहले शिकायत, फिर सत्यापन और सीधे ट्रैप
शिकायत मिलने के बाद ACB ने सीधे कार्रवाई नहीं की। पहले आरोपों का सत्यापन कराया गया। शिकायत में रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद ACB मुख्यालय के निर्देश पर भरतपुर ACB चौकी की टीम ने ट्रैप की तैयारी की। निर्धारित कार्रवाई के दौरान जैसे ही परिवादी ने 30 हजार रुपये गोविंद प्रसाद को दिए, ACB टीम ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई।
यह पूरी कार्रवाई ACB रेंज भरतपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
एएसपी अमित सिंह के अनुसार, शिकायत में सहायक अभियंता गोविंद प्रसाद पर MB और कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था। शिकायत के सत्यापन के बाद कार्रवाई की गई और आरोपी को 30 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया।
अब जांच सिर्फ 30 हजार रुपये के ट्रैप तक सीमित नहीं
ACB की कार्रवाई के बाद गोविंद प्रसाद से पूछताछ की जा रही है। मामले से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच होगी। प्रकरण भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज कर आगे का अनुसंधान किया जाएगा।
ट्रैप की कार्रवाई के बाद अब जांच में यह भी देखा जाएगा कि शिकायत से जुड़े काम और दस्तावेजों की प्रक्रिया में आरोपी की भूमिका क्या थी और पूरे मामले से जुड़े अन्य तथ्य क्या सामने आते हैं।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
सड़क का काम आगे बढ़ा तो पुलिसिया अड़ंगा… फिर 50 हजार पर आकर ठहरी बात, SHO को ACB ने दबोचा
