2 लाख की डिमांड, 40 हजार की डील और फिर गिरफ्तारी | होटल में एसीबी ने दबोची पुलिस टीम, रेड के बाद महिला SI की तबीयत बिगड़ी

जयपुर के होटल गणगौर में एसीबी ने बेंगलुरु पुलिस की महिला एसआई समेत तीन पुलिसकर्मियों को दहेज केस में कार्रवाई के नाम पर 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

जयपुर। दहेज केस की जांच को कमाई का जरिया बनाने का आरोप बेंगलुरु पुलिस की एक टीम पर भारी पड़ गया। जिस रकम को लेने के लिए वे सैकड़ों किलोमीटर दूर जयपुर पहुंचे थे, वही रकम उनके लिए गिरफ्तारी का कारण बन गई।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार सुबह जयपुर के विधायकपुरी स्थित होटल गणगौर में कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु पुलिस की महिला सब इंस्पेक्टर और दो हेड कॉन्स्टेबल को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि तीनों पुलिसकर्मी दहेज प्रकरण में कार्रवाई और राहत देने के नाम पर परिवादी पक्ष से लगातार दबाव बनाकर पैसे मांग रहे थे।

मामला तब खुला जब जयपुर निवासी एक व्यक्ति ने एसीबी से शिकायत की कि उसकी बहू द्वारा बेंगलुरु के एचएएल थाने में दर्ज कराए गए दहेज मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम उससे दो लाख रुपए की रिश्वत मांग रही है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि जांच के नाम पर परिवार को डराया-धमकाया जा रहा था।

एसीबी ने शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में ट्रैप की योजना बनाई गई। तय रणनीति के तहत रविवार सुबह परिवादी होटल गणगौर पहुंचा और वहां 40 हजार रुपए की पहली किश्त आरोपियों को सौंपी।

जैसे ही रकम स्वीकार की गई, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी टीम ने होटल में दबिश देकर तीनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेंगलुरु के एचएएल पुलिस स्टेशन में तैनात सब इंस्पेक्टर अनीता, हेड कॉन्स्टेबल यतीश कुमार और हेड कॉन्स्टेबल उल्वप्पा के रूप में हुई है।

कार्रवाई के दौरान एक दिलचस्प मोड़ तब आया जब ट्रैप की सूचना मिलते ही महिला एसआई अनीता की तबीयत बिगड़ गई। एसीबी ने तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उन्हें रक्तचाप (बीपी) संबंधी समस्या है।

फिलहाल एसीबी तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रिश्वत की मांग में और कौन-कौन शामिल था तथा अब तक कितनी रकम की डील हुई थी।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

रसोई से राष्ट्र निर्माण तक: सुप्रीम कोर्ट ने गृहिणियों को दिया नया दर्जा | कहा- सिर्फ होममेकर नहीं, ‘नेशन बिल्डर’ हैं महिलाएं

योग को बोरिंग समझते हैं? जरा रुकिए… | जानवरों की तरह पोज बनाइए, फोटो खींचिए और फिटनेस का मजा लीजिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *