रिश्वत जमीन में गाड़कर भी नहीं बच पाया VDO | एसीबी ने गड्ढा खुदवाकर निकाले एक लाख, बेटा भी गिरफ्तार

राजस्थान (Rajasthan) के सिरोही (Sirohi) जिले में एसीबी ने अनादरा ग्राम पंचायत के VDO लक्ष्मी लाल और उसके बेटे को 1 लाख रुपये की रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया। आरोपी ने रिश्वत की रकम जमीन में गाड़ दी थी, जिसे एसीबी ने गड्ढा खोदकर बरामद किया।

सिरोही 

राजस्थान के सिरोही जिले में रिश्वत छिपाने का एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां सरकारी अधिकारी ने सबूत मिटाने के लिए नोटों को जमीन में ही गाड़ दिया। लेकिन एसीबी की टीम ने हार नहीं मानी और आखिरकार गड्ढा खुदवाकर पूरी रकम बरामद कर ली। इस कार्रवाई में ग्राम विकास अधिकारी और उसका बेटा दोनों गिरफ्तार किए गए हैं।

मामला सिरोही जिले की अनादरा ग्राम पंचायत का है। यहां तैनात ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मी लाल पर आरोप है कि उसने एक परिवादी से उसकी पत्नी के नाम वाले आवासीय प्लॉट पर निर्माण की स्वीकृति (NOC) जारी करने और सीमांकन के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सीसी रोड के मामले में कानूनी कार्रवाई नहीं करने के बदले एक लाख रुपये की मांग की थी।

परिवादी की शिकायत पर एसीबी ने जाल बिछाया। ट्रैप के दौरान लक्ष्मी लाल ने खुद पैसे लेने से दूरी बनाई और रकम अपने बेटे अखिलेश कुमार से दिलवाई। जैसे ही बेटे ने एक लाख रुपये लिए, वह मौके से भाग निकला।

हालांकि एसीबी की टीम यहीं नहीं रुकी। अधिकारी लक्ष्मी लाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पूरी कहानी सामने आ गई। इसके बाद बेटे अखिलेश की निशानदेही पर कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में जमीन खोदी गई, जहां गाड़ कर रखी गई रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई।

एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार यह कार्रवाई एसीबी जोधपुर रेंज के डीआईजी भुवन भूषण यादव के सुपरविजन में की गई। वहीं सिरोही के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वरलाल के नेतृत्व में टीम ने ट्रैप को अंजाम दिया।

फिलहाल एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ जारी है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

खून की कमी चुपचाप वार करती है | आयरन की गोली बेअसर क्यों? आदतें बदलें, हीमोग्लोबिन खुद बढ़ेगा

‘दिनदहाड़े न्यायिक हत्या’ | हाई कोर्ट ने जज पर साधा निशाना, फैसले को बताया गंभीर कदाचार

फार्मेसी युवाओं के लिए सुनहरा दरवाज़ा खुला | 560 सरकारी फार्मासिस्ट पदों पर भर्ती, 9 मार्च से आवेदन

‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।