गबन: चेक बनाकर सरकारी खाते से निजी खाते में लाखों किए ट्रांसफर, दो कर्मचारी गिरफ्तार

दौसा 

राजस्थान के दौसा जिले में एक सरकारी ऑफिस में दो कर्मचारियों ने मिलकर लाखों रुपए का गबन कर लिया। पुलिस ने इन दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन्होंने चेक पर फर्जी साइन कर अपने निजी खातों में सरकारी पैसा ट्रांसफर कर लिया। मामले में कई अन्य आरोपियों के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

गबन का यह मामला मई-2021 में पशुपालन विभाग में सामने आया था। उस समय पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक ने कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कराया था। एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही दोनों आरोपी फरार  गए  थे।  आरोप है कि गिरफ्तार दोनों कर्मचारियों ने सरकारी योजनाओं के पैसे का चेक काटकर फर्जी साइन कर सरकारी खाते से अपने निजी खाते में ट्रांसफर कर लिया।

24 चेक पर किए फर्जी साइन
कोतवाल लाल सिंह ने बताया कि पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक निरंजनलाल शर्मा ने मामला दर्ज कराया था कि टाडा माडा योजना व बिखरी आबादी योजना के तहत स्वीकृत राशि में से रामगढ़ पचवारा थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी  केशियर गजेंद्र कुमार मीणा व  बसवा थाना क्षेत्र के करनावर निवासी पशुधन सहायक सुनील कुमार मीणा ने मिलीभगत कर 6 लाख 93 हजार 790 रुपए का गबन कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों ही कर्मचारियों ने 24 चेक पर फर्जी साइन कर 20 अगस्त 2020 से 18 फरवरी 2021 के बीच सरकारी खाते से स्वयं के निजी बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर कर लिए।

क्या आपने ये खबरें भी पढ़ीं?