जयपुर की कालबेलिया बस्ती में शिक्षा की अलख | सावित्रीबाई फुले जयंती पर 1098 ने बाल अधिकारों और बाल विवाह के खिलाफ दिलाई शपथ

जयपुर (Jaipur) में सावित्रीबाई फुले जयंती पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 ने कालबेलिया बस्ती में शिक्षा, बाल अधिकार और बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम कर शपथ दिलाई।

जयपुर 

चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 द्वारा राज नगर कालबेलिया बस्ती (जोगी समाज) में भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं अभिभावकों को शिक्षा के महत्व, बाल अधिकारों और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति सजग करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान बस्ती के बच्चों और उनके माता–पिता को बाल विवाह नहीं कराने की शपथ दिलाई गई। अभिभावकों को स्पष्ट रूप से समझाया गया कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य के साथ अन्याय है और कानूनन अपराध भी। सभी ने बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने और सुरक्षित भविष्य देने का संकल्प लिया।

इस मौके पर चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने 1098 हेल्पलाइन की विस्तृत जानकारी दी। बच्चों और बस्तीवासियों को बताया गया कि बाल मजदूरी, हिंसा, शोषण, बाल विवाह या स्कूल छोड़ने जैसी किसी भी स्थिति में 1098 पर निःशुल्क कॉल कर सहायता ली जा सकती है। हेल्पलाइन 24 घंटे बच्चों की मदद के लिए कार्यरत है।

कार्यक्रम में शिक्षा एवं कला फाउंडेशन संस्था के डायरेक्टर ने बच्चों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों को आगे बढ़ने का रास्ता दिखाती है और हर बच्चे को पढ़ने का पूरा अधिकार है।

चाइल्ड हेल्पलाइन से जुड़े दिनेश चंद्र शर्मा ने सावित्रीबाई फुले और महात्मा ज्योतिराव फुले के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ज्योतिराव फुले ने गरीब बच्चों के लिए पहला स्कूल खोला और सावित्रीबाई फुले ने समाज की रूढ़ियों को तोड़ते हुए बेटियों एवं वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ा। उनका संदेश स्पष्ट था—“हर बच्चा पढ़ने का हकदार है और बेटी की शिक्षा समाज की सबसे बड़ी ताकत है।”

कार्यक्रम के दौरान बच्चों से संवाद कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों ने भी शिक्षा हासिल करने और गलत प्रथाओं के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प लिया। अंत में सभी ने सावित्रीबाई फुले के विचारों को आत्मसात करते हुए शिक्षा, समानता और बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

ओला-उबर की मनमानी पर ब्रेक | ‘भारत टैक्सी’ की एंट्री, ड्राइवर मालिक, यात्री बेफिक्र

‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।