हलैना में शतायु पूर्व सांसद का अभिनंदन | शॉल-दुपट्टों और फूलमालाओं से नवाज़ा

हलैना में भरतपुर के पूर्व सांसद पंडित रामकिशन के 100 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित, जनसंघर्ष और ईआरसीपी पर दिया बड़ा संदेश।

हलैना 

कस्बा हलैना में भरतपुर के पूर्व सांसद पंडित रामकिशन के जीवन के सौ वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित सम्मान समारोह में दूर-दराज से आए गणमान्य नागरिकों ने उनका भावभीना अभिनंदन किया। शॉल-दुपट्टों और फूलमालाओं से लदे शतायु नेता के चेहरे पर वही पुराना जज़्बा और चमक दिखाई दी, जिसने आठ दशक तक राजनीति को जनसंघर्ष का मंच बनाए रखा।

समारोह के आयोजक किसान नेता इन्दल सिंह जाट ने कहा कि पंडित रामकिशन ने अपने पूरे जीवन में जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष किया। धन और धरती के बँटवारे से लेकर बुजुर्गों को पेंशन दिलाने जैसे आंदोलनों को निर्णायक मुकाम तक पहुँचाने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है।

 इन्दल सिंह ने कहा, “उम्र भले सौ साल हो गई हो, लेकिन हौसले आज भी जवान हैं। उनके जज़्बातों को सलाम है। लगन और संघर्ष की जो मिसाल उन्होंने कायम की है, वह आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।”

‘बाणगंगा में पानी आएगा’

सम्मान समारोह में संबोधित करते हुए पंडित रामकिशन ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में जिन-जिन मुद्दों को उठाया, उनमें सफलता मिली है। उन्होंने ईआरसीपी (ERCP) का उल्लेख करते हुए कहा कि जब इस योजना की बात उठाई गई थी, तब कई लोगों ने कल्पना तक नहीं की थी और कुछ ने मजाक भी उड़ाया था। “लेकिन योजना बनी है और याद रखना, बाणगंगा में पानी भी आएगा। इसके लिए मेरा और इन्दल सिंह का संघर्ष जारी रहेगा,” उन्होंने दृढ़ स्वर में कहा। अपने सम्मान के लिए उन्होंने सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

पानी आंदोलन के योद्धा का भी सम्मान

समारोह में वर्ष 2007 से लगातार पानी आंदोलन के लिए संघर्ष कर रहे किसान नेता इन्दल सिंह जाट का भी स्वागत और सम्मान किया गया।

इस अवसर पर बाबू सिंह पटैल, रामखिलाड़ी जाटव, शिब्बो पाली, बल्लो पाली, रामखिलाड़ी सैनी, चन्द्रप्रकाश सौलंकी, अन्नू ठाकुर, केशव देव सरपंच, हीरा सिंह, बोलो मैम्बर, गिराज सरपंच, मिट्टू बाँसी, महेन्द्र पंच, जगदीश सरसैना, बबली सरसैना, हरश्याम, ओमप्रकाश नगला हरसुख, रामेश्वर जहानपुर, हाकिम गुर्जर, पंडित राजदेव शास्त्री, वैद्य सतीश पालीवान, रमेश सैक्ट्री, नेकराम भूतौली, राजाराम वकील, राजन प्रजापत, गिरराज नगला धरसौनी, अमर सिंह सैनी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने शतायु पूर्व सांसद को माल्यार्पण कर स्वस्थ और दीर्घायु होने की कामना की। कार्यक्रम का संचालन इन्दल सिंह जाट ने किया।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

CGHS क्लेम पर बड़ी राहत | मेडिकल रीइम्बर्समेंट लिमिट 5 लाख से बढ़कर अब हो गई इतने लाख

रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत: अब प्रमोशन तय समय में | रेलवे बोर्ड ने जारी किया ‘मॉडल सिलेक्शन कैलेंडर’, इतने दिन में पूरी होगी प्रक्रिया

‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।