जयपुर (Jaipur) के मानसरोवर रीको चौराहे पर चलती रोडवेज बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। 70 यात्रियों ने समय रहते बाहर निकलकर जान बचाई, बस पूरी तरह जलकर कबाड़ हो गई।
जयपुर
दोपहर का वक्त, सड़क पर दौड़ती रोडवेज बस और अंदर बैठे करीब 70 यात्री—सब कुछ सामान्य था। लेकिन अचानक बस के भीतर से धुआं उठने लगा। कुछ ही सेकंड में लपटों ने पूरी बस को अपनी गिरफ्त में ले लिया। बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जान बचाने की होड़ में लोग सीटें छोड़कर दरवाजे की ओर भागे। यह खौफनाक हादसा शुक्रवार दोपहर जयपुर में मानसरोवर के रीको चौराहे पर हुआ, जहां चलती बस अचानक आग का गोला बन गई।
धुआं उठते ही ड्राइवर ने दिखाई सूझबूझ, यात्रियों को तुरंत उतारा
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की यह बस जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड से केकड़ी के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 70 यात्री सवार थे। दोपहर करीब 2:40 बजे जब बस मानसरोवर रीको चौराहे से सांगानेर की ओर बढ़ रही थी, तभी अचानक बस से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका। इसके बाद बस में सवार यात्रियों को जल्दबाजी में नीचे उतारा गया। कुछ ही पलों में पूरी बस आग की चपेट में आ गई।
आधे घंटे तक जलती रही बस, दमकल ने पाया काबू
सूचना मिलते ही मानसरोवर फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग वायरिंग से होते हुए इंजन तक पहुंच गई, जिससे बस पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गई।
बड़ा हादसा टला, सभी यात्री सुरक्षित
गनीमत रही कि ड्राइवर की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते सभी 70 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी भी यात्री के झुलसने या घायल होने की सूचना नहीं है।
हालांकि, सड़क पर खड़ी जलती बस को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही मिनटों में एक चलती बस राख के ढेर में बदल गई और पीछे छोड़ गई डर और दहशत का मंजर।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
क्या 1 मार्च से बंद हो जाएगा आपका WhatsApp? | सरकार के नए SIM नियम से मची हलचल
सैलरीड कर्मचारियों की बढ़ी टेंशन | HRA नियमों में ऐसा बदलाव, जो पड़ सकता है भारी
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
